लंबित मांगों को लेकर एमएलके पीजी कॉलेज के स्ववित्तपोषित शिक्षकों ने बांधी काली पट्टी
फुपुक्टा के आह्वान पर प्रदेश के 331 अनुदानित महाविद्यालयों में 2 से 5 नवंबर तक विरोध प्रदर्शन, पुरानी पेंशन बहाली और स्थायीकरण सहित 11 सूत्रीय मांगें उठाईं
बलरामपुर। लंबित मांगों पर सुनवाई न होने और शासन स्तर पर उपेक्षा से नाराज अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों का असंतोष अब सामने आने लगा है। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (फुपुक्टा) के आह्वान पर प्रदेश के 331 महाविद्यालयों में चल रहे विरोध प्रदर्शन के तहत बुधवार को एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर के स्ववित्तपोषित योजना के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों के अनुमोदित शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया।
फुपुक्टा के आह्वान पर प्रदेश के 331 अनुदानित महाविद्यालयों में 2 से 5 नवंबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध जताया जा रहा है। शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन बहाली, अनुदानित महाविद्यालयों में कार्यरत स्ववित्तपोषित शिक्षकों का स्थायीकरण सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर यह अभियान शुरू किया है।
एमएलके महाविद्यालय स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. केपी मिश्र ने कहा कि फुपुक्टा ने 331 अनुदानित महाविद्यालयों में स्ववित्तपोषित योजना के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों के शिक्षकों की 25 वर्षों से लंबित मांगों को समर्थन देते हुए विनियमितीकरण और यूजीसी वेतनमान के अनुरूप मानदेय के मुद्दे को अपने मांगपत्र में प्रमुखता से उठाया है। इसी के समर्थन में महाविद्यालय के शिक्षक फुपुक्टा के आह्वान पर काली पट्टी बांधकर विरोध जता रहे हैं।
संघ के महामंत्री डॉ. पंकज कुमार गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका नींव की तरह महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि देश के भविष्य और भावी नागरिकों का चरित्र निर्माण भी करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करने वाले शिक्षकों के साथ दोहरी व्यवस्था कहां तक उचित है। एक ही महाविद्यालय में दो तरह की व्यवस्थाओं के कारण जहां शिक्षकों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, वहीं विद्यार्थियों को भी इसका नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उपाध्यक्ष डॉ. पंकज श्रीवास्तव ने सरकार से इस मामले में जल्द विचार कर उचित निर्णय लेने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान डॉ. एसके त्रिपाठी, डॉ. राजन प्रताप सिंह, डॉ. केके सिंह, डॉ. सुनील कुमार शुक्ल, डॉ. आरबी त्रिपाठी, मसूद मुराद, डॉ. राहुल विशेन, डॉ. पवन कुमार सिंह और डॉ. वंदना सिंह सहित कई शिक्षक मौजूद रहे
