पुस्तक संग सेल्फी: पढ़ने से ज्यादा प्रचार पर जोर!
बिना पढ़े लिखी जा रही हैं पुस्तक समीक्षाएं, प्रसिद्धि और पुरस्कारों के नाम पर साहित्य का कारोबार
(सुधाकर आशावादी – विभूति फीचर्स)
संचार क्रांति के इस दौर में पुस्तकों के पठन-पाठन की परंपरा धीरे-धीरे कमजोर होती दिखाई दे रही है। लिखने वाले कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से अपने विचारों को विस्तार दे रहे हैं, तो पढ़ने वालों में भी पुस्तक को पूरा पढ़ने के बजाय उसकी सामग्री सुनकर या कुछ अंश देखकर समीक्षा करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। स्थिति यह है कि पुस्तक प्रकाशित होते ही उसके आवरण पृष्ठ को देखकर ही समीक्षाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है।

एक मित्र ऐसे भी हैं, जिन्हें पुस्तक की भूमिका और समीक्षा लिखने में महारत हासिल है। विभिन्न प्रकाशन संस्थानों के लिए उनकी सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहती हैं। उन्हें पुस्तक के कथ्य से कोई विशेष सरोकार नहीं होता। बस पुस्तक का शीर्षक बताइए और कुछ ही समय में भूमिका या समीक्षा हाजिर। उनकी समीक्षा पढ़कर ऐसा लगता है मानो उन्होंने पुस्तक के प्रत्येक पन्ने को गहराई से पढ़ा हो। साहित्य की दुनिया में ऐसे अनेक अजूबे हैं, जो बिना पुस्तक पढ़े उसकी समीक्षा करने के साथ-साथ लेखक के व्यक्तित्व और कृतित्व का भी मूल्यांकन कर डालते हैं।
दूसरी ओर ऐसे प्रकाशन संस्थान भी सक्रिय हैं, जो कवियों और साहित्यकारों को पहचान दिलाने का दावा करते हैं। इनके निशाने पर आम आदमी, व्यापारी और सेलिब्रिटी तक होते हैं। ये संस्थान किसी को भी लेखक बनाने और प्रसिद्धि के शिखर तक पहुंचाने का भरोसा देते हैं। कुछ संस्थान तो राज्य और केंद्र सरकार के साहित्यिक पुरस्कार दिलाने की गारंटी तक देने का दावा करते हैं। हालांकि इसके लिए कुछ नियम और शर्तें भी होती हैं। मसलन, दान-दक्षिणा की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। यदि व्यक्ति प्रभावशाली और धनवान है, तो उसके लिए प्रसिद्धि की राह और भी आसान बताई जाती है।
ऐसे में पुस्तक के बाजार में आते ही लेखक के चाहने वालों की सक्रियता बढ़ जाती है। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पुस्तक के साथ सेल्फी साझा करने का सिलसिला शुरू हो जाता है। जरूरी नहीं कि सेल्फी लेने वाले ने पुस्तक पढ़ी भी हो, लेकिन पुस्तक खरीदने और लेखक के प्रति समर्थन जताने का प्रमाण सोशल मीडिया पर जरूर दिखाई देता है। कुछ लोग तो पुस्तक के साथ उसकी खरीदारी की रसीद दिखाने से भी परहेज नहीं करते। किसी भी लेखक के लिए यह निश्चित रूप से सुखद और गर्व का विषय हो सकता है।
पुस्तकें प्रकाशित होती हैं, उनका प्रचार होता है और वे पाठकों के बीच चर्चा का विषय बनती हैं। लेकिन आज के प्रचार प्रधान दौर में कई बार गुणवत्ता पीछे छूट जाती है और आकर्षक विज्ञापन तथा प्रचार-प्रसार अधिक महत्वपूर्ण हो जाते हैं। किसी ने ठीक ही कहा है कि घटिया माल भी बाजार में हाथोंहाथ बिक जाता है, यदि उसके साथ विज्ञापन का तामझाम जुड़ा हो। हालांकि साहित्य की वास्तविक प्रतिष्ठा उसके प्रचार से नहीं, बल्कि उसकी विषयवस्तु, विचारों और पाठकों पर पड़ने वाले प्रभाव से तय होती है।
यह भी सच है कि कुछ पुस्तकें अपने कथ्य और लेखन की ताकत से साहित्यिक दुनिया में हलचल पैदा करती हैं। वे पाठकों को सोचने के लिए विवश करती हैं और समाज के सामने नए प्रश्न खड़े करती हैं। आत्मकथा हो, कहानी संग्रह हो या किसी अन्य साहित्यिक विधा की पुस्तक, उसकी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि वह पाठकों में कितनी रुचि पैदा करती है और उनके विचारों को कितना प्रभावित करती है।
पुस्तक को चर्चा में लाने के लिए साम, दाम, दंड और भेद जैसी युक्तियों का इस्तेमाल करना आज के प्रचारवादी वातावरण की एक विडंबना है। कई बार पुस्तक को पढ़े बिना ही उसे बहस के चौराहे पर खड़ा कर दिया जाता है। ऐसी चर्चाएं लेखक को लोकप्रियता तो दिला सकती हैं, लेकिन साहित्यिक गुणवत्ता का वास्तविक प्रमाण नहीं बन सकतीं।
बहरहाल, समय परिवर्तनशील है। पुस्तक के साथ सेल्फी लेना बुरा नहीं, लेकिन पुस्तक को पढ़ना और उसके विचारों को आत्मसात करना उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। लेखक की असली उपलब्धि सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और प्रशंसात्मक टिप्पणियों की संख्या नहीं, बल्कि पाठकों के मन में छोड़ी गई उसकी रचना की छाप होती है। साहित्य की सार्थकता तभी है, जब पुस्तक केवल आवरण और प्रचार तक सीमित न रहकर पाठकों के विचारों और जीवन का हिस्सा बने।
(विभूति फीचर्स)
