फैजुल्लागंज में बेजुबान जानवरों के लिए चला सेवा अभियान, बाढ़ पीड़ितों को भी बांटी राहत सामग्री
रवि गांधी के नेतृत्व में गौवंश और वानरों को कराया भोजन, जरूरतमंदों तक पहुंचाया पानी, भोजन के पैकेट और अन्य राहत सामग्री
लखनऊ। राजधानी के फैजुल्लागंज स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बेजुबान जानवरों की मदद और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए श्री राम जानकी परिवार के प्रदेश मंत्री एवं समाजसेवी रवि गांधी के नेतृत्व में विशेष सेवा अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम रवि गांधी ने गौवंश, वानरों और अन्य बेसहारा पशुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की। साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों को पानी की बोतलें, भोजन के पैकेट, पूरी-सब्जी, वेज बिरयानी और अन्य राहत सामग्री वितरित की गई।
गौवंश और वानरों के लिए की भोजन की व्यवस्था
बाढ़ के कारण प्रभावित क्षेत्र में पशुओं के सामने भोजन और पानी की समस्या को देखते हुए टीम ने उनकी जरूरतों के अनुसार खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। अभियान के तहत पशुओं के लिए चूनी, चोकर, पपीता, तरबूज, केला, गुड़, आलू और पूरी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की व्यवस्था की गई। टीम के सदस्यों ने प्रभावित इलाकों में जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के साथ बेजुबान जीवों की देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया।
‘बेजुबान जानवरों की सेवा भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी’
श्री राम जानकी परिवार के प्रदेश मंत्री रवि गांधी ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय प्रभावित लोगों की मदद के लिए अनेक लोग और संस्थाएं आगे आती हैं, लेकिन बेजुबान जानवर अपनी परेशानी किसी से कह नहीं सकते। ऐसे कठिन समय में उनकी सुध लेना और उनके लिए भोजन-पानी की व्यवस्था करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ‘नर सेवा नारायण सेवा’ की भावना के साथ बेजुबान जीवों की सेवा करना भी मानवता और करुणा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। टीम की ओर से पशुओं को भोजन उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पड़ने पर उनके उपचार में भी सहयोग किया जा रहा है।
रवि गांधी ने बताया कि यह सेवा अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि आपदा के समय जरूरतमंद लोगों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सहायता के लिए भी आगे आएं। उनके अनुसार, जीवों के प्रति दया, करुणा और सेवा की भावना ही सच्ची मानवता की पहचान है।
टीम के सदस्यों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
इस सेवा अभियान में अमित गुप्ता (विनायक फैशन), अनुज गुप्ता, धर्म सिंह एडवोकेट, अमर सोनी, जावेद, कपिल शुक्ला, अंशु द्विवेदी, हिमांशु गर्ग, शुभम बाजपेयी, सुमित शुक्ला, कमलेश यादव, आमिर खान, ठाकुर श्रवण सिंह और लवी अरोड़ा सहित टीम के अन्य सहयोगी मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने मिलकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों और बेजुबान जानवरों तक भोजन एवं राहत सामग्री पहुंचाने में सहयोग किया।
