जय नारायण मिश्र पीजी कॉलेज में सात दिवसीय एस्ट्रोग्राफी कार्यशाला का शुभारंभ
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थी चंद्रमा, सर्पिल आकाशगंगाओं (Spiral Galaxies), नेबुला सहित विभिन्न खगोलीय पिंडों की फोटोग्राफी का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान से जुड़े विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर प्रो. के.के. शुक्ल, प्राचार्य एवं भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष, तथा श्री एस.पी. शुक्ला ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कार्यशाला में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने और खगोल विज्ञान की बारीकियों को समझने के लिए प्रेरित किया।
9 अक्टूबर को टेलिस्कोप से होगा लाइव अवलोकन
कार्यशाला के अंतर्गत 9 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजे महाविद्यालय के स्पोर्ट्स ग्राउंड में विशेष खगोलीय अवलोकन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें छात्र-छात्राओं को टेलिस्कोप के माध्यम से अंतरिक्ष में ग्रहों और उपग्रहों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा। साथ ही उन्हें खगोलीय पिंडों की लाइव फोटोग्राफी का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि डॉ. सुमित कुमार श्रीवास्तव, मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी, यूपी-सीएसटी रहे। इस अवसर पर यूपी-सीएसटी की टीम भी मौजूद रही और विद्यार्थियों को कार्यशाला से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की।कार्यशाला का आयोजन प्रो. के.के. पांडेय के संयोजन तथा मोहम्मद ओवैस, डॉ. जितेंद्र अवस्थी एवं डॉ. दीपिका चौधरी के सहसंयोजन एवं निर्देशन में किया जा रहा है।
कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर भौतिक विज्ञान विभाग के सभी शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों में खगोल विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यावहारिक कौशल का भी विकास होगा।

