एमयूआईटी लखनऊ में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन, स्वयंसेवकों ने दिखाई सामाजिक सरोकार की मिसाल
लखनऊ। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाइयों द्वारा आयोजित 10वें सात दिवसीय विशेष शिविर का औपचारिक समापन 19 मार्च 2026 को हुआ। शिविर के अंतिम दिन पल्हरी गाँव में विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के बाद विश्वविद्यालय के सभागार में समापन समारोह संपन्न हुआ।
यह विशेष शिविर 13 मार्च से 19 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के NSS स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में योगदान दिया।

समापन अवसर पर अधिष्ठाता अकादमिक डॉ. नीरज जैन ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि NSS के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव का जो विकास हुआ है, वह सराहनीय है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी समाज सेवा के कार्यों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भानु प्रताप सिंह, रजिस्ट्रार डॉ. गिरीश छिमवाल, वित्त अधिकारी वरुण श्रीवास्तव, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. विकास शुक्ला, मुख्य कुलानुशासक डॉ. पवन दीक्षित तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डॉ. राजेश सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए शिविर के सफल आयोजन पर बधाई दी।
शिविर के दौरान कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. सपन अस्थाना, डॉ. राम प्रकाश सिंह और डॉ. सुगत शुक्ला के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, वृक्षारोपण, शिक्षा प्रसार और सामाजिक विषयों पर जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए।

इसके साथ ही स्वयंसेवकों ने ग्रामीण क्षेत्र में लोगों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए प्रयास भी किए। यह शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना और सेवा भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
