सवर्ण समाज में तीखी प्रतिक्रिया: रागिनी अवस्थी ने IAS संतोष वर्मा के बयान को बताया मूर्खतापूर्ण
Strong reaction in upper caste society: Ragini Awasthi called IAS Santosh Verma's statement worrying.
Thu, 27 Nov 2025
लखनऊ। IAS संतोष वर्मा द्वारा दिए गए कथित विवादित बयान पर आजादमंच भारत की प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती रागिनी अवस्थी ने कड़ी आपत्ति दर्ज की है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति नहीं, बल्कि उसकी सोच निर्धारित करती है। ऐसे में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी द्वारा अमर्यादित और जाति-आधारित टिप्पणी करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
रागिनी अवस्थी ने कहा कि “सोच की निम्नता किसी भी पदाधिकारी के लिए शोभनीय नहीं है। यदि किसी सवर्ण अधिकारी ने ऐसा बयान दिया होता तो तमाम दलित चिंतक सड़कों से लेकर मीडिया तक इसका विरोध करते दिखाई देते।” उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी बहन-बेटी का सार्वजनिक अपमान करना तथा उसे आरक्षण जैसे संवैधानिक विषयों से जोड़ना न केवल अनुचित है बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी अक्षम्य है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अधिकारी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल सेवानिवृत्ति और दंडात्मक प्रक्रिया का सामना करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी
घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
आजादमंच भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष राना ठाकुर ने भी बयान को समाज में वैमनस्य फैलाने वाला करार देते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन सवर्ण समाज के साथ मिलकर लोकतांत्रिक ढंग से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल किसी एक जाति का नहीं, बल्कि संपूर्ण सवर्ण समाज की संवेदनाओं से जुड़ा हुआ मुद्दा है।
