श्री बर्फानीश्वर महादेव सेवा समिति
बाराबंकी की श्री बर्फानीश्वर समिति को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया सम्मानित, आज होगा भंडारा
Tue, 19 Aug 2025
अमरनाथ यात्रा मार्ग पर दूसरी सर्वाधिक ऊँचाई पर भंडारा लगाने वाली समिति
भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल द्वारा सम्मानित
12वीं बार सकुशल संपन्न हुआ भंडारा, भव्य यात्रा के साथ बाराबंकी से पहुंचाया जाता है प्रसाद
अमरनाथ गुफा के मुख्य प्रसाद से श्रद्धालुओं को वितरित होगा भंडारा
उपराज्यपाल ने किया सम्मानित
बाराबंकी। अमरनाथ यात्रा 2025 का समापन हो चुका है और जनपद के लिए यह गर्व का क्षण है कि श्री बर्फानीश्वर महादेव सेवा समिति को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कटरा में आयोजित एक कार्यक्रम में समिति की सेवाओं की सराहना की गई।
समिति के अध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा ने नगर पालिका प्रांगण में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह 12वीं बार है जब समिति ने अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भंडारे का सफल आयोजन किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सेवादारों की सेवा भावना अनुकरणीय रही, जिसके चलते श्राइन बोर्ड ने समिति का भंडारा निरंतर जारी रखने की अनुमति दी, जबकि अन्य कई भंडारे प्रशासनिक कारणों से रोके गए।
पूर्व में भी मिला सम्मान
कैलाश नाथ शर्मा ने जानकारी दी कि समिति को पूर्व में भी कई अवसरों पर सम्मान प्राप्त हुआ है। वर्ष 2013 और 2014 में भारतीय सेना की पंजाब रेजिमेंट व महार रेजिमेंट ने सम्मानित किया था। वर्ष 2016 में तत्कालीन राज्यपाल एन.एन. वोहरा द्वारा भी समिति को सम्मानित किया गया था। अब एक बार फिर उपराज्यपाल द्वारा कटरा में सम्मानित होना समिति के लिए गौरवपूर्ण है।
सेवादारों का आभार
लगभग एक माह तक चलने वाला यह भंडारा बाराबंकी से भेजे गए रसद और सामग्री से संचालित किया गया। अमरनाथ गुफा बंद होने के बाद सभी सेवादार सकुशल जनपद लौट आए हैं। समिति अध्यक्ष ने सभी सेवादारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगले वर्ष का भंडारा और भी भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
अमरनाथ गुफा के प्रसाद से होगा भंडारा
बाराबंकी लौटने के उपरांत समिति ने रुद्राभिषेक का आयोजन किया और अमरनाथ गुफा से प्राप्त मुख्य प्रसाद को मिलाकर भंडारे का प्रसाद तैयार कराया गया। यह भंडारा दिनांक 20 अगस्त, बुधवार को नगर पालिका प्रांगण में आयोजित होगा, जिसमें विधिवत पूजा-अर्चन के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
पत्रकारों के लिए विशेष पहल
समिति के सदस्य राजेश अरोड़ा बब्बू ने घोषणा की कि आगामी वर्ष अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले पत्रकार बंधुओं का पंजीकरण समिति के माध्यम से किया जाएगा। समिति उनके यात्रा, आवास और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था करेगी।
प्रमुख उपस्थितजन
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से मूल कृष्ण तिवारी, जीतेन्द्र वर्मा, कौशल किशोर त्रिपाठी, बबलू अरोड़ा, जयप्रकाश श्रीवास्तव, सुनील राठौर, अमित कश्यप, राजन शर्मा, अमरेश शुक्ला, सुशील गुप्ता, जगदीश गुप्ता, विजय गुप्ता और रमेश तिवारी मौजूद रहे।
समिति के मीडिया प्रभारी ने सभी पत्रकार प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
