चांदी की पालकी में निकले श्री कोतवालेश्वर महादेव, नगर भ्रमण यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

उज्जैन की तर्ज पर निकली भव्य शोभायात्रा, हरि-हर मिलन रहा आकर्षण का केंद्र
 
huiou

लखनऊ, 17 अगस्त 2026। सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर चौक कोतवाली स्थित श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर से बाबा कोतवालेश्वर की भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली गई। उज्जैन की तर्ज पर भगवान शिव को चांदी की पालकी में विराजमान कर निकाली गई इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण शिवमय बना रहा।

नगर भ्रमण से पहले मंदिर में बाबा कोतवालेश्वर महादेव को विधिवत चांदी की पालकी में विराजमान कराया गया। मंदिर के महंत विशाल गौड़ ने बाबा की आरती उतारी। मंदिर से यात्रा के प्रस्थान के समय प्रशासन की ओर से होमगार्ड बैंड द्वारा प्रस्तुति दी गई और बाबा को सम्मानपूर्वक नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।

यात्रा श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर खुनखुन जी रोड स्थित कोणेश्वर मंदिर पहुंची। यहां विराजमान भगवान विष्णु के साथ हरि-हर के अद्भुत मिलन का आयोजन हुआ। इसके बाद यात्रा कोणेश्वर चौराहा, चौक चौराहा, कंचन मार्केट, चरक चौराहा और कमला नेहरू मार्ग होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचने के बाद भव्य आतिशबाजी के साथ नगर भ्रमण यात्रा का समापन हुआ।

opo

भव्य झांकियों ने मोहा मन

नगर भ्रमण यात्रा में विभिन्न आकर्षणों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। महाराष्ट्र से आए रंगोली कलाकारों ने यात्रा मार्ग पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। प्रशासनिक घोड़ों के साथ लिल्ली घोड़ी, हाथी, ऊंट और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां यात्रा का हिस्सा रहीं।

इसके अलावा डीजे इलु मस्ताना झांकी, ब्रास बैंड, बग्गियां, डमरू ग्रुप, बनारस की झांकी, झंकार बैंड और भगवान शंकर की 11 फीट ऊंची प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पीले वस्त्रों में सजी महिलाओं ने झांझ बजाते हुए भक्ति गीत प्रस्तुत किए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बाबा की यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।नगर भ्रमण के दौरान ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं बाबा कोतवालेश्वर नगर का हाल-चाल जानने और अपने भक्तों को आशीर्वाद देने निकले हों। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

ioio

कई विशिष्ट अतिथियों ने की सहभागिता

मंदिर के महंत विशाल गौड़ ने बताया कि नगर भ्रमण यात्रा में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य, समाजसेविका एवं भाजपा नेत्री श्रीमती अपर्णा यादव, भाजपा नेता नीरज सिंह, राज्यसभा सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कटियार सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

ooo

इस अवसर पर श्री कोतवालेश्वर ट्रस्ट के अजय अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, आनंद रस्तोगी, अजय खन्ना, संदीप अग्रवाल, अंकुर दीक्षित, पंकज अग्रवाल, अवध अग्रवाल, आशीष मिश्रा, डॉ. राज कुमार वर्मा, अनुराग मिश्रा, निखिल अग्रवाल, आचार्य पं. विजेंद्र नाथ गौड़, पं. हर्षित तिवारी, पं. शशांक वशिष्ठ, राजेश शुक्ला, नीरज अवस्थी सहित अनेक पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। भव्य नगर भ्रमण यात्रा ने सावन के तीसरे सोमवार पर लखनऊ में धार्मिक आस्था, संस्कृति और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

Tags