श्री कृष्ण दत्त एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ डेस्क, आर.एल. पाण्डेय। श्री कृष्ण दत्त एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन, वृंदावन योजना, रायबरेली रोड, लखनऊ में बी.कॉम., बी.एड., बी.एफ.ए. एवं डी.फार्मा के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, पाठ्यक्रम संरचना, अनुशासन, उपलब्ध सुविधाओं तथा करियर की संभावनाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मनीष सिंह, निदेशक, एस.के.डी. ग्रुप ऑफ एजुकेशन, डॉ. नवीन कुलश्रेष्ठ, सहायक निदेशक (उच्च शिक्षा) तथा श्रीमती कुसुम बत्रा, सहायक निदेशक, एस.के.डी. ग्रुप ऑफ एजुकेशन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विद्यार्थियों को अनुशासन और कौशल विकास का दिया संदेश
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री मनीष सिंह ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, व्यक्तित्व और व्यावहारिक कौशल के विकास का महत्वपूर्ण चरण होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने, नियमित अध्ययन करने और समय का प्रभावी प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
विभागों और पाठ्यक्रम की दी गई विस्तृत जानकारी
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उनके संबंधित विभागों, पाठ्यक्रम संरचना, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, शैक्षणिक अपेक्षाओं और भविष्य के करियर अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को संस्थान की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं से भी परिचित कराया गया। विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों (HODs) ने अपने-अपने विभाग की गतिविधियों, शैक्षणिक व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी साझा की।
उत्साह के साथ शामिल हुए नवप्रवेशित विद्यार्थी
कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक वातावरण, संस्थान की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। ओरिएंटेशन कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपने नए संस्थान और पाठ्यक्रम को बेहतर ढंग से समझने के साथ-साथ भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक यात्रा के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान किया।
