श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का धूमधाम से आगाज, प्रतियोगिताओं से सजा पहला दिन
बलरामपुर। अग्रवाल सभा, बलरामपुर की ओर से आयोजित 66वें श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का शुभारंभ 4 अक्टूबर से विभिन्न कार्यक्रमों के साथ हुआ। समारोह के पहले दिन बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए खेलकूद समेत कई मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के प्रथम दिवस रविवार सुबह श्री महाराजा अग्रसेन मंदिर परिसर में कैरम प्रतियोगिता, जनरल क्विज, मेहंदी, रंगोली तथा बच्चों के लिए विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताएं कराई गईं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
अग्रसेन प्रीमियर लीग-2 का रोमांचक फाइनल
समारोह की शाम श्री महाराजा अग्रसेन जी को माल्यार्पण के साथ विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मारवाड़ी युवा मंच सृजन शाखा, बलरामपुर द्वारा आयोजित अग्रसेन प्रीमियर लीग-2 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया। हाईटेक तकनीक से सुसज्जित इस क्रिकेट आयोजन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

फाइनल मुकाबले में अग्रसेन चैलेंजर्स ने अग्रसेन नाइट राइडर्स को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गयाइसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर और बेस्ट बैट्समैन सहित अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के साथ-साथ अंपायर्स और ग्राउंड स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।
आयोजन में पदाधिकारियों का रहा विशेष योगदान
समारोह को सफल बनाने में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष सौम्य अग्रवाल और सचिव विनोद बंसल के साथ आलोक अग्रवाल, मनीष तुलस्यान, सुनील अग्रवाल, अजय अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, साकेत तुलस्यान, शरद अग्रवाल, अभिषेक सिंघल और अंकित अग्रवाल भोला सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।आयोजकों के अनुसार, महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के तहत आगे भी विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



![pl[]p](https://aapkikhabar.com/static/c1e/client/86288/uploaded/e00b3ea4423bc70d1ef774413865a7a3.jpg)