Sitare Z जमीन Par World Television Premiere: 31 मई को टीवी पर सजेगा आमिर खान की 'सितारे जमीन पर' का मेला, जानें कब और कहाँ देखें
मनोरंजन डेस्क: सिनेमाघरों और डिजिटल प्लेटफॉर्म (ओटीटी) पर दर्शकों का दिल जीतने के बाद, बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्टनिस्ट आमिर खान की बहुप्रशंसित फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ अब आपके घर की टीवी स्क्रीन पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस पारिवारिक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर रविवार, 31 मई को दोपहर 1:00 बजे सिर्फ सोनी मैक्स (Sony MAX) पर होने जा रहा है। हंसी, प्रेरणा और गहरी भावनाओं से सजी यह फिल्म पूरे परिवार के लिए एक शानदार वीकेंड एंटरटेनमेंट साबित होने वाली है।
क्या है फिल्म की अनोखी कहानी?
‘सितारे ज़मीन पर’ की कहानी गुलशन अरोड़ा (आमिर खान) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पेशे से एक जिद्दी और सख्त बास्केटबॉल कोच है। गुलशन की व्यवस्थित जिंदगी में तब भूचाल आता है, जब ड्रंक-एंड-ड्राइव के एक मामले में फंसने के बाद कोर्ट उसे कम्युनिटी सर्विस (सामुदायिक सेवा) की सजा सुनाता है।
इस सजा के तहत गुलशन को न्यूरोडाइवर्जेंट (विशेष आवश्यकता वाले) बच्चों की एक टीम को बास्केटबॉल टूर्नामेंट के लिए तैयार करने का काम सौंपा जाता है। जो काम शुरुआत में गुलशन के लिए एक मजबूरी और सिरदर्द था, वही आगे चलकर उसकी जिंदगी को देखने का नजरिया बदल देता है और उसके जीवन का सबसे खूबसूरत सफर बन जाता है।
रियल-लाइफ हीरोज ने फिल्म में फूंकी जान
आर.एस. प्रसन्ना के बेहतरीन निर्देशन में बनी इस फिल्म में आमिर खान के साथ जेनेलिया डिसूज़ा मुख्य भूमिका में हैं, जो उनकी पत्नी सुनीता का किरदार निभा रही हैं। इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी (USP) इसकी स्टारकास्ट है। फिल्म में मुख्य किरदारों के तौर पर किसी प्रोफेशनल एक्टर को न लेकर नमन मिश्रा, ऋषभ जैन, अरूष दत्ता, आशीष पेंढसे, सिमरन मंगेशकर, वेदांत शर्मा, सम्वित देसाई, ऋषि शाहानी, आयुष भंसाली और गोपीकृष्णन के. वर्मा जैसे असल जिंदगी के विशेष बच्चों को लिया गया है। इन बच्चों की मासूमियत और अभिनय की सच्चाई ने फिल्म को बेहद खास और इमोशनल बना दिया है।
"यह फिल्म परिवारों को जोड़ने वाली कहानी है" – आमिर खान
फिल्म के लीड एक्टर और प्रोड्यूसर आमिर खान ने इस प्रीमियर को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा:
"थिएटर्स में 'सितारे ज़मीन पर' को जो अपार प्यार मिला, वह हमारे दिल के बेहद करीब है। हम एक ऐसी फिल्म बनाना चाहते थे जो हर पीढ़ी के चेहरे पर मुस्कान लाए और जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सके। सोनी मैक्स सालों से परिवारों को बेहतरीन फिल्मों के जरिए साथ लाता रहा है, और मुझे खुशी है कि अब यह फिल्म देश के कोने-कोने में मौजूद घरों तक वही अपनापन और खुशियां बिखेरेगी।"
"कमियों से आगे देखने की प्रेरणा देती है फिल्म" – जेनेलिया डिसूज़ा
अभिनेत्री जेनेलिया डिसूज़ा ने कहा, "इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी मासूमियत है। अक्सर हमारा समाज लोगों को उनकी कमियों से आंकता है, लेकिन यह फिल्म दिखाती है कि अगर सही मौका मिले तो वे क्या कुछ हासिल कर सकते हैं। मुझे बेहद खुशी है कि अब देश के सभी परिवार इस खूबसूरत और प्रेरणादायी सफर का हिस्सा बन सकेंगे।"
31 मई को देखना न भूलें
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने मिलकर प्रोड्यूस किया है, जबकि बी. श्रीनिवास राव और रवि भगचंदका इसके सह-निर्माता हैं। तो आप भी अपने पूरे परिवार के साथ इस बेहतरीन ब्लॉकबस्टर फिल्म का आनंद लेने के लिए तैयार हो जाइए। 31 मई, रविवार दोपहर 1 बजे, सिर्फ सोनी मैक्स पर!
