स्केटिंग प्रतियोगिता "ग्लाइड टू ग्लोरी": CMS कानपुर रोड ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी, डीपीएस गोमती नगर में प्रतिभा का प्रदर्शन
50 स्कूलों के 500 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
नॉर्थवेस्ट स्पोर्ट्स अकादमी के सहयोग से आयोजित इस विशाल प्रतियोगिता में लखनऊ के 50 से अधिक स्कूलों के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसमें डीपीएस, सीएमएस, मॉडर्न स्कूल और एसकेडी एकेडमी जैसे बड़े संस्थानों के स्केट्स ने अपनी रफ्तार का जादू बिखेरा।
विजेताओं का सम्मान
डीपीएस गोमती नगर की प्रधानाचार्या रूपम सलूजा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
-
बेस्ट स्केटर (बॉयज): आयुष्मान सिंह (डीपीएस गोमती नगर)
-
बेस्ट स्केटर (गर्ल्स): आमलिया (डीपीएस इंदिरानगर)
इसके अलावा समृद्धि, शताक्षी, अश्मित, रिद्धिमा, शिवांग, कबीर और आयुष्मान ने भी अपने-अपने वर्ग में बेहतरीन खेल दिखाया।
दिग्गजों ने बढ़ाया उत्साह
उत्तर प्रदेश रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी डी.एस. राठौर और अध्यक्ष संदीप भटनागर ने विजेताओं को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि यहाँ के खिलाड़ी भविष्य में विश्व स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे। सिविल डिफेंस लखनऊ के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं और उन्हें राष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करते हैं।
सफल आयोजन में इनका रहा सहयोग
प्रतियोगिता को सफल बनाने में लखनऊ मंडल के कोऑर्डिनेटर नीरज श्रीवास्तव की अहम भूमिका रही। साथ ही, अंकुर गुप्ता, राहुल, आदित्य बाजपेई, वंश और अन्य अनुभवी रेफरी की टीम ने पारदर्शी तरीके से मैचों का संचालन सुनिश्चित किया।
