छात्रों के लिए रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण की दिशा में ‘स्किल-बिल्ड’ प्रोग्राम का शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की सोच रोजगार को लेकर सकारात्मक हुई है और अब कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं माना जाता। उन्होंने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां छात्र पढ़ाई के साथ-साथ ऑन-कोर्स जॉब करके अनुभव और दक्षता प्राप्त करते हैं, जो आगे उनके करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूरे मनोयोग से सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.के. शुक्ला ने कहा कि सीखने की प्रक्रिया तीन चरणों—लर्निंग, अनलर्निंग और रीलर्निंग—से होकर गुजरती है। किसी भी नई चीज को सीखने के लिए खुले और सकारात्मक मन का होना आवश्यक है। उन्होंने स्किल-बिल्ड कार्यक्रम से जुड़ी रिसोर्स संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
अरशद खान, उप निदेशक, उत्तर प्रदेश ट्रेनिंग एवं एंप्लॉयमेंट विभाग, लखनऊ ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, ईमानदारी तथा समाज और राष्ट्र के प्रति प्रेम अत्यंत आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए फाइनेंशियल अकाउंटिंग एवं सॉफ्ट स्किल्स में दक्षता विकसित करने हेतु तीन माह का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के समापन पर विद्यार्थियों को जॉब एवं करियर अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्किल-बिल्ड कोर्स मैटेरियल एवं स्टडी किट छात्र-छात्राओं को निःशुल्क वितरित की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर लियाकत खोखर, जोनल हेड (आईसेक्ट) ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अभिनव शर्मा (प्रोजेक्ट लीड), रुही कटियार (परियोजना समन्वयक), अजय कुमार (जोनल लीड), सुरेंद्र यादव (प्लेसमेंट), अवनीश दीक्षित, विनय शर्मा (जेनपैक्ट प्रभारी), सारिका चौधरी (आईसेक्ट प्रभारी), डॉ. विजय राज श्रीवास्तव (प्लेसमेंट सेल प्रभारी) सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
