एम.एल.के.पी.जी. कॉलेज बलरामपुर में एकल गायन प्रतियोगिता का आयोजन, सौम्य पाण्डेय प्रथम स्थान पर
एम.एल.के.पी.जी. कॉलेज, बलरामपुर के सभागार में गुरुवार को पाठ्य सहगामी क्रियाओं के अंतर्गत एकल गायन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कई प्रतिभागियों ने अपने मनमोहक सुरों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। एम.एससी प्रथम सेमेस्टर के सौम्य पाण्डेय ने अपने प्रस्तुत गीत "जब दीप जले आना, जब शाम ढले आना" से मंच पर अलग ही रंग जमा दिया और प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विजेताओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने कहा कि गायन प्रतियोगिताएँ छात्रों की प्रतिभा को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास करते हैं। साथ ही, यह संगीत की विभिन्न शैलियों और परंपराओं के संरक्षण में भी सहायक होते हैं।
