प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत की मांग, सपा ने एसडीएम को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
गोण्डा। पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश और तेज आंधी से तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में फसलों को हुए नुकसान तथा जनजीवन प्रभावित होने के बाद समाजवादी पार्टी ने राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग उठाई है। मंगलवार को पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
सपा प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता रामभजन चौबे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के.टी. तिवारी, विजय सिंह टिंटू, प्रदेश सचिव दिनेश यादव, जिला उपाध्यक्ष मनोज चौबे, सपा नेता विवेक सिंह बाबा तथा पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष छात्र सभा समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
ज्ञापन में कहा गया कि तरबगंज तहसील एवं विधानसभा क्षेत्र में तेज हवाओं, आंधी और भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। विधानसभा क्षेत्र के नगर-कस्बों के अलावा सरयू नदी के तटवर्ती मांझा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में जलभराव से आवागमन बाधित है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ पशुपालकों के सामने मवेशियों के चारे की समस्या भी खड़ी हो गई है।
फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग
सपा ने मांगपत्र में गन्ना, धान और मक्का की फसलों के गिरने से हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार अनुदान एवं राहत उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
इसके अलावा जलभराव के कारण फूस के रिहायशी मकानों और पशुशालाओं के गिरने से प्रभावित परिवारों को सहायता देने की मांग की गई है। तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में पेड़ों के गिरने से बाधित रास्तों को जल्द से जल्द साफ कर आवागमन बहाल कराने की भी मांग उठाई गई।
बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग
आंधी के दौरान बिजली के खंभे गिरने के कारण कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया गया। सपा प्रतिनिधिमंडल ने क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था की मरम्मत कर प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में देव मणि तिवारी, अंकुर तिवारी, रिंटू सिंह, रोहित चौबे, धर्मेंद्र तिवारी, दिलीप पांडे, सूबेदार चौबे, बृजेश चौबे और कालिका प्रजापति सहित अन्य लोग शामिल रहे।
