कांति सिंह की जीत पर हरदोई में सपा कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी, संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में बांटी मिठाइयां
हरदोई।लखनऊ स्नातक विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांति सिंह की जीत के बाद हरदोई में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साह के साथ खुशी मनाई। समाजवादी पार्टी के हरदोई विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी गई।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अखिलेश पाठक भी मौजूद रहे। संतोष कुमार वर्मा ने कहा कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल करने के लिए साम, दाम, दंड और भेद की नीति अपनाई, लेकिन मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशी को नकारते हुए सपा की कांति सिंह को समर्थन दिया। उनके मुताबिक, कांति सिंह ने लगभग 17 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

हरदोई विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे अखिलेश पाठक ने कांति सिंह की जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी विजय जुलूस या ऐसा आयोजन न किया जाए, जिससे विरोधी पक्ष को माहौल बिगाड़ने का अवसर मिले।
कार्यकर्ताओं ने कांति सिंह की जीत को आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के लिए उत्साहवर्धक बताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की उम्मीद भी जताई।
कार्यक्रम में उत्तम कुमार सिंह यादव, एडवोकेट अनिल यादव, मोहम्मद हफीज, राजेंद्र प्रधान, राजेंद्र कौथेलिया, सतीश वर्मा, धनीराम वर्मा, आकाश कनौजिया, कौशल किशोर यादव, सुरेंद्र पाल यादव, अनिलेश यादव, सरोज यादव और अनिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
