गौतम बुद्ध कॉलेज ऑफ फार्मेसी में ‘स्पार्क 2026’ की धूम, फ्रेशर्स पार्टी में विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा

‘Spark 2026’ creates a buzz at Gautam Buddha College of Pharmacy; students showcase their talent at the freshers’ party.
 
joii

लखनऊ,  नवंबर 2026। गौतम बुद्ध कॉलेज ऑफ फार्मेसी (GBCP), बिजनौर, लखनऊ में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी ‘स्पार्क (SPARK) 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सजे इस समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों और संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों ने गौतम बुद्ध एवं मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और उपहार भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

‘स्पार्क 2026’ के मंच पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने रैंप वॉक, एकल एवं समूह नृत्य, गायन और शेरो-शायरी जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में AMR के बढ़ते खतरे और इसके प्रति जनजागरूकता की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि एंटीमाइक्रोबियल दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग और लोगों को जागरूक करना प्रतिरोधी संक्रमणों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भविष्य के फार्मासिस्टों के लिए यह संदेश विशेष रूप से प्रासंगिक रहा।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के राउंड और निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर ‘मिस्टर फ्रेशर’ एवं ‘मिस फ्रेशर’ का चयन किया गया। बी.फार्मा प्रथम वर्ष से वशिष्ठ भट्ट और आशना खान तथा डी.फार्मा प्रथम वर्ष से मोहम्मद साजिद और प्रीति को क्रमशः मिस्टर फ्रेशर एवं मिस फ्रेशर के खिताब से सम्मानित किया गया। विजेताओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर गौतम बुद्ध ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन सोमिल कुमार कुशवाहा और संस्थान के निदेशक डॉ. अभिषेक सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने फार्मेसी को प्रतिष्ठित और जिम्मेदारीपूर्ण क्षेत्र बताते हुए विद्यार्थियों से समर्पण, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने व्यावसायिक कौशल को लगातार विकसित करने की प्रेरणा देते हुए सभी नवागंतुक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के समापन पर वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुकों को स्मृति चिह्न भेंट किए। इसके बाद आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों और सायंकालीन भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

‘स्पार्क 2026’ नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए संस्थान से जुड़ने का यादगार अवसर बना। साथ ही, इस आयोजन ने सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, प्रतिभा और आपसी समन्वय को प्रोत्साहित किया।

Tags