एसडीसी एंड एच में अंतरिक्ष यात्री ‘शुक्स’ से हुआ विशेष संवाद
27वाँ संस्थापक दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न
Mon, 17 Nov 2025
लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय)।
सरस्वती डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसडीसी एंड एच), लखनऊ में इम्प्रेशन्स 2025 के अंतर्गत 14 नवंबर को 27वाँ संस्थापक दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में सरस्वती ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स की चेयरपर्सन श्रीमती मधु माथुर, एसडीसी एंड एच के प्रेसीडेंट डॉ. रजत माथुर, एसएचआरसी एवं बीएसएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग की डायरेक्टर डॉ. स्मिता माथुर, मुख्य अतिथि डॉ. अम्मार रिज़वी (पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश), विशेष अतिथि भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 'शुक्स', तथा जानी-मानी एडवेंचरर और टेड स्पीकर सुश्री अर्चना सरदाना की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई। प्रिंसिपल डॉ. कुणाल साह ने स्वागत संबोधन देते हुए कॉलेज की उपलब्धियों का उल्लेख किया और संस्थापक चेयरमैन कर्नल टी.एस. माथुर के योगदान पर आधारित एक प्रभावी वीडियो प्रस्तुति भी दिखाई। मंच संचालन डॉ. आयुषी पांडे, जूनियर रेज़िडेंट, ने सुव्यवस्थित रूप से किया।
अंतरिक्ष यात्री ‘शुक्स’ से सीधा संवाद
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के परिचय के साथ ही सभागार उत्साह से गूंज उठा। ‘शुक्स’ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर भारतीय वायुसेना में अपने चयन से लेकर Axiom-4 स्पेस मिशन और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताए पलों तक के अनुभव साझा किए। कोऑर्डिनेटर कमांडर सुमित घोष (एनएएसी सलाहकार) भी ऑनलाइन मौजूद रहे।
उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आने वाले समय में अंतरिक्ष में दंत चिकित्सा प्रक्रियाओं पर भी शोध की आवश्यकता है। पृथ्वी को अंतरिक्ष से देखने के अनुभव पर उन्होंने कहा ब्रह्मांड की अनंतता में पृथ्वी शांत, सुंदर और मानवता का प्यारा घर है—हमें इसे सुरक्षित रखना है और सौहार्द को बढ़ावा देना है।”
उनके प्रेरक शब्दों ने पूरे सभागार में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
मंच पर रचनात्मकता की झलक
कार्यक्रम में समूह गीत, नृत्य और फैशन शो ने माहौल को जीवंत बना दिया। इसके बाद भारत की एकमात्र महिला बेस जम्पर, पर्वतारोही, स्कूबा डाइवर और स्काईडाइवर सुश्री अर्चना सरदाना ने रोमांच और नेतृत्व से भरी अपनी जीवन यात्रा साझा की। उन्होंने छात्रों को जोखिम लेने, नई राह खोजने और आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर देते हुए स्कूबा डाइविंग जैसे अनुभव अपनाने की सलाह दी।
सम्मान और पुरस्कार
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सरस्वती रतन पुरस्कार 2025 बैच 2021 के साहिल अग्रवाल को प्रदान किया गया।
- अन्य पुरस्कार इस प्रकार घोषित किए गए—
- सर्वश्रेष्ठ यूजी गर्ल: मानसी बिष्ट (इंटर्न)
- सर्वश्रेष्ठ यूजी बॉय: मधुर (फाइनल ईयर)
- सर्वश्रेष्ठ पीजी बॉय: डॉ. गौरव चौधरी (ऑरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग)
- सर्वश्रेष्ठ पीजी गर्ल: डॉ. मीनू चिक्कारा (कंज़र्वेटिव एवं एंडोडॉन्टिक्स विभाग)
चावला हाउस ने उत्कृष्ट वर्षभर के प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल हाउस ट्रॉफी अपने नाम की।
संस्था की उत्कृष्टता का प्रतीक
कार्यक्रम का समापन उत्साह और ऊर्जा से भरे वातावरण में हुआ। यह भव्य आयोजन स्वास्थ्य शिक्षा, नवाचार और सेवा के प्रति सरस्वती डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की अटूट प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है।
