अनाथ बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर गई ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग

जनजीवन कल्याण फाउंडेशन की पहल, 111 बच्चों एवं कर्मचारियों ने उठाया फिल्म का आनंद
 
dffg

लखनऊ। जरूरतमंद और वंचित बच्चों को खुशियों के पल देने की दिशा में जनजीवन कल्याण फाउंडेशन ने सराहनीय पहल की। फाउंडेशन की ओर से अलीगंज स्थित अनाथ आश्रम के बच्चों एवं कर्मचारियों के लिए निशातगंज स्थित उमराव मॉल में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस दौरान कुल 111 बच्चों एवं कर्मचारियों ने फिल्म का आनंद लिया।

फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़े पर्दे पर फिल्म का आनंद लेते बच्चों के चेहरों पर खुशी और उमंग साफ नजर आई। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन का अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन में सकारात्मकता, अपनत्व और खुशियों के कुछ यादगार पल जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन गुरुप्रीत सिंह तलवार के नेतृत्व में किया गया। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय गुरुप्रीत सिंह तलवार इससे पहले भी जरूरतमंद लोगों की सहायता और विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों में योगदान देते रहे हैं। उनके प्रयासों में जरूरतमंदों तक सहयोग पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देने पर जोर रहा है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आशुतोष सिंह, मुस्कान और रूही सिंह का विशेष योगदान रहा। फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि समाज की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब उनका हिस्सा उन बच्चों तक भी पहुंचे, जिन्हें स्नेह, सहयोग और सकारात्मक माहौल की विशेष जरूरत होती है।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य वंचित बच्चों को केवल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, अपनत्व और आत्मविश्वास से भरा वातावरण देना भी है, ताकि वे अपने भविष्य के सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ सकें।

जनजीवन कल्याण फाउंडेशन की इस पहल ने यह संदेश दिया कि समाज के प्रति संवेदनशील सोच और सेवा भावना से किया गया छोटा-सा प्रयास भी किसी बच्चे के जीवन में खुशी का बड़ा कारण बन सकता है।

Tags