यूपी में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 87.92 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया- एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से हुई परीक्षा केंद्रों की निगरानी

लखनऊ के परीक्षा केंद्र पर एआई तकनीक से पकड़ा गया फर्जी परीक्षार्थी, पुलिस के सुपुर्द

 
यूपी में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 87.92 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

लखनऊ  नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी-2026) मंगलवार को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों में शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि सभी निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा शुचितापूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से कराई गई।

आयोग के विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। कक्षा 1 से 5 के लिए प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा कक्षा 6 से 8 के लिए द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक हुई।

परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित बनाने के लिए आयोग मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। आयोग के सदस्यों, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव की मौजूदगी में एआई कैमरों तथा विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।

इस निगरानी के दौरान लखनऊ के बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज, स्टेशन रोड स्थित परीक्षा केंद्र पर एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। वह किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। आयोग के अनुसार, एआई तकनीक की मदद से उसकी पहचान की गई। इसके बाद उसे वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

आयोग के उप सचिव संजय सिंह ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 1,06,547 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 93,681 ने परीक्षा में भाग लिया। इस तरह कुल उपस्थिति 87.92 प्रतिशत रही। प्रथम पाली में कक्षा 1 से 5 के लिए पंजीकृत 58,353 अभ्यर्थियों में से 50,666 उपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 86.80 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, द्वितीय पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए पंजीकृत 48,194 अभ्यर्थियों में से 43,015 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस पाली में उपस्थिति 89.25 प्रतिशत रही। आयोग की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 89.25 प्रतिशत और पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 89.28 प्रतिशत दर्ज की गई।

आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी मंडलों और जनपदों के जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tags