कन्नौज में तेज रफ्तार थार का कहर, बाइक सवार चार युवकों को रौंदा; तीन की मौके पर मौत, एक गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे रही होगी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों युवक उछलकर करीब 15 से 20 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर मारकर फरार हुआ थार चालक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक को टक्कर मारने के बाद थार चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए, जबकि घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों में शिक्षामित्र और प्राइवेट शिक्षक भी शामिल
यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान मनीष कुमार (28), वेद प्रकाश (40) और विजय (35) के रूप में हुई है। वहीं, आशीष (25) गंभीर रूप से घायल है।
बताया गया है कि विजय उर्फ रामजी एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे, जबकि वेद प्रकाश निजी शिक्षक थे। एक ही बाइक पर चार लोगों के सवार होने और बाइक चालक के हेलमेट नहीं पहनने की बात भी सामने आई है। पुलिस फरार थार चालक की तलाश में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।
