एसआर ग्रुप में धूमधाम से आयोजित हुआ ‘सृजन-2026’, नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा
लखनऊ। एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए वार्षिक सांस्कृतिक समारोह ‘सृजन-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में बीटेक, एमबीए, आयुष, एग्रीकल्चर, एजीएमपी, डीफार्मा सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संगीत, नृत्य, फैशन शो और रैंप वॉक जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दानिश आजाद अंसारी, राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग तथा विशिष्ट अतिथि किरण एस., पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ रेंज ने संस्थान के चेयरमैन एवं एमएलसी पवन सिंह चौहान, वाइस चेयरपर्सन निर्मला सिंह चौहान, वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान और वाइस चेयरपर्सन सुष्मिता सिंह चौहान के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। संस्थान प्रबंधन ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

गणेश वंदना से हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज मनमोहक गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद आईटी, मैकेनिकल, सिविल, बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, एआई एवं एमएल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, एग्रीकल्चर, आयुष, एमबीए, आईएमबीए, बी.वोक तथा एसआर ग्लोबल के विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की कला और उत्साह ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
समारोह का विशेष आकर्षण बीटेक, एमबीए और आईएमबीए के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रैंप वॉक एवं फैशन शो रहा। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, आकर्षक परिधान, रचनात्मकता और मंच पर प्रभावशाली प्रदर्शन को उपस्थित लोगों ने सराहा।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
मुख्य अतिथि दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि फ्रेशर्स पार्टी नवागंतुक विद्यार्थियों को संस्थान से जुड़ने और अपनी नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत को यादगार बनाने का अवसर देती है। सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और आपसी समन्वय की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि किरण एस. ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में समय प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समय का सदुपयोग करने, अनुशासित दिनचर्या अपनाने और अपने लक्ष्यों के प्रति निरंतर समर्पित रहने का संदेश दिया।
संस्थान के चेयरमैन एवं एमएलसी पवन सिंह चौहान ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व को निखारने का भी महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच, निरंतर परिश्रम और बेहतर समय प्रबंधन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
अन्य अतिथियों ने एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की शैक्षणिक गतिविधियों, आधुनिक सुविधाओं और विद्यार्थियों को दिए जा रहे अवसरों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
संस्थान प्रबंधन ने दोहराया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल विकास, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रबंधन ने अतिथियों, शिक्षकों, कार्यक्रम समन्वयकों, आयोजन समिति के सदस्यों और प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों की उमंग, उत्साह और शानदार प्रस्तुतियों के साथ ‘सृजन-2026’ समारोह का समापन हुआ।
