श्रीकृष्णम: बाँसुरी से शंखनाद तक, पायनियर मोंटेसरी स्कूल एल्डिको शाखा का वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक स्वर्गीय श्री पूरन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्या ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव डॉ. सुरेन्द्र तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बच्चों की प्रस्तुतियों, प्रतिभा और आत्मविश्वास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथियों में सांत्वना तिवारी (संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं विशेष कार्याधिकारी, पुस्तकालय प्रकोष्ठ), डॉ. मुकेश कुमार सिंह (सेवानिवृत्त उप शिक्षा निदेशक) तथा डॉ. अखिला आनंद (वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक, सीएसआईआर) शामिल रहे। वहीं विद्यालय के पूर्व छात्र एवं फिल्म निर्माता तथा क्रिएटिव प्रोड्यूसर निशीथ चन्द्रा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना की।
विद्यालय के प्रबंधक ब्रजेन्द्र सिंह ने स्वागत संबोधन में अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या शर्मिला सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, गणमान्य नागरिक और विद्यालय की सभी शाखाओं की प्रधानाचार्याएं उपस्थित रहीं।
समारोह का कुशल संचालन कक्षा 11 की छात्राओं कोमल सिंह एवं कौशाम्बी सिंह तथा कक्षा 10 के विद्यार्थियों आयुष सोनी एवं आयुषी सिंह ने किया। उनकी मंच संचालन की दक्षता की भी सराहना की गई।
