SRMPS ने ‘SONATA 2026’ के साथ मनाए उत्कृष्टता के 21 वर्ष
लखनऊ, 31 अक्टूबर 2026। स्वर्गीय श्री लक्ष्मी नारायण अग्रवाल के आशीर्वाद और उनके दूरदर्शी विचारों से प्रेरित होकर श्री रामस्वरूप मेमोरियल पब्लिक स्कूल (SRMPS), लखनऊ ने अपनी अंतर-विद्यालयीय संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता ‘SONATA 2026’ का सफल आयोजन किया। “Every Emotion Has a Story” (हर भावना की अपनी एक कहानी है) थीम पर आधारित इस भव्य आयोजन के माध्यम से विद्यालय ने अपनी शैक्षणिक यात्रा के 21 वर्षों की उत्कृष्टता का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भातखंडे विश्वविद्यालय की डीन डॉ. सृष्टि माथुर और सोसायटी के सदस्य डॉ. भारतेन्दु अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मिशन ज़िंदगी’ की प्रस्तुति रही खास आकर्षण
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘मिशन ज़िंदगी’ बैंड रहा, जिसे भारत का पहला महिला बैंड बताया गया। बैंड की मौजूदगी ने समारोह को खास पहचान दी। इसके माध्यम से संगीत, महिला सशक्तीकरण और रचनात्मक अभिव्यक्ति की शक्ति का संदेश दिया गया।

30 विद्यालयों के 750 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
इस अंतर-विद्यालयीय आयोजन में 30 विद्यालयों के 750 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों को संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कलात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मंच भी प्रदान किया।
विद्यालय की निदेशक सुश्री श्रुति अग्रवाल और प्रधानाचार्या सुश्री अनुपमा वर्मा ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सहभागी विद्यालयों, अतिथियों, निर्णायकों और आयोजन दल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से SONATA 2026 युवा प्रतिभाओं और रचनात्मकता का यादगार उत्सव बन सका।
‘ए मॉडर्न गुरुकुल’ की परिकल्पना को किया साकार
SONATA 2026 ने समग्र शिक्षा के प्रति SRMPS की प्रतिबद्धता और ‘ए मॉडर्न गुरुकुल’ की परिकल्पना को एक बार फिर रेखांकित किया। विद्यालय का ध्येय वाक्य “Nurturing Excellence, Inspiring Futures” विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के संकल्प को दर्शाता है।
