स्टेट बैंक पेंशनर हमारे अभिन्न अंग, उनका योगदान अमूल्य – अनिल कुमार, महाप्रबंधक
State Bank pensioners are an integral part of us, their contribution is invaluable – Anil Kumar, General Manager
Sat, 14 Mar 2026
लखनऊ डेस्क (आर एल पाण्डेय)। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा आयोजित स्टेट बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन की वार्षिक बैठक शुक्रवार को बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय, लखनऊ में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर बैंक के महाप्रबंधक अनिल कुमार ने कहा कि स्टेट बैंक अपने पेंशनरों को बाधारहित पेंशन भुगतान के साथ-साथ चिकित्सा एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि पेंशनर्स बैंक के अभिन्न अंग हैं और उनका योगदान हमारे लिए अमूल्य है। वरिष्ठ साथियों का सम्मान करना तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करना हमारा परम कर्तव्य है। आज के सेवानिवृत्त कर्मचारी बीते कल की अक्षयनिधि हैं और उनके सेवाकाल में किए गए कार्य हमारे लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठकों का उद्देश्य आपसी संवाद को बढ़ाना तथा पेंशनभोगियों के अधिकारों, सम्मान और सुविधाओं की रक्षा के लिए सार्थक पहल करना भी है। बैंक द्वारा पिछले वर्ष पेंशनभोगियों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका लाभ पेंशनरों और उनके परिवारों को मिल रहा है। वर्तमान में लखनऊ मंडल में लगभग 19 हजार सेवानिवृत्त पेंशनर हैं।
इस अवसर पर प्रशासनिक कार्यालय, लखनऊ (पश्चिम) के उप महाप्रबंधक धीरज कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं और बैंक अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य का आजीवन ध्यान रखता है। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष सेवानिवृत्त साथियों के लिए पांच स्वास्थ्य शिविर और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
उन्होंने कहा कि “सेवानिवृत्ति विश्राम नहीं, बल्कि अनुभव के आधार पर समाज को दिशा देने का अवसर है। कार्यक्रम में स्थानीय प्रधान कार्यालय के महाप्रबंधक राजीव कुमार, कौशलेंद्र कुमार, उप महाप्रबंधक एवं सीडीओ धीरेन्द्र महे, बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन, लखनऊ मंडल के अध्यक्ष दिनेश चन्द्र, महासचिव अतुल स्वरूप तथा पेंशनर्स फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समन्वयन मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) आशुतोष शुक्ल ने किया।
