पेड़ और मिट्टी से बिजली बनाने का मॉडल तैयार कर छात्र आशीष ने दिखाई हरित ऊर्जा की राह
विज्ञान अध्यापक हरिश्चंद्र सिंह के मार्गदर्शन में कक्षा 10 के छात्र ने बनाया ‘फाइटोवोल्टेज से हरित ऊर्जा’ मॉडल
लखनऊ। बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज, लखनऊ के कक्षा 10 के छात्र आशीष कुमार ने विज्ञान अध्यापक हरिश्चंद्र सिंह के मार्गदर्शन में पेड़ और मिट्टी की सहायता से बिजली उत्पन्न करने का मॉडल तैयार किया है। ‘फाइटोवोल्टेज से हरित ऊर्जा’ नामक यह मॉडल पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं को प्रदर्शित करता है।
छात्र आशीष का यह मॉडल जीवित पेड़, मिट्टी में मौजूद सूक्ष्मजीवों और इलेक्ट्रोड के माध्यम से विद्युत ऊर्जा उत्पन्न करने के सिद्धांत पर आधारित है। पेड़ प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया से ग्लूकोज बनाते हैं। इस प्रक्रिया में बने कार्बनिक पदार्थों का कुछ हिस्सा जड़ों के माध्यम से मिट्टी में पहुंचता है। मिट्टी में मौजूद बैक्टीरिया इन पदार्थों को विघटित करते हैं, जिससे इलेक्ट्रॉन मुक्त हो सकते हैं। उपयुक्त इलेक्ट्रोड और विद्युत परिपथ की मदद से विद्युत विभवांतर उत्पन्न किया जा सकता है।
विज्ञान अध्यापक हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि इस तरह के मॉडल से स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। भविष्य में ऐसी तकनीकों पर शोध और विकास के माध्यम से पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा उत्पादन के नए विकल्प तलाशे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कम लागत में तैयार होने वाला यह मॉडल विद्यार्थियों को विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर देता है। साथ ही, यह पर्यावरण संरक्षण और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के महत्व को भी रेखांकित करता है।
