मॉण्टफोर्ट इंटर कॉलेज में छात्र नेतृत्व सेमिनार ‘डूसेरे एक्सेम्पलो’ का भव्य आयोजन
सेमिनार में मॉण्टफोर्ट स्कूल, मॉण्टफोर्ट हायर सेकेंडरी स्कूल बनिया, सेंट मॉण्टफोर्ट स्कूल भोपाल, मॉण्टफोर्ट स्कूल दिल्ली, मॉण्टफोर्ट हायर सेकेंडरी स्कूल हरीनगर, सेंट गैब्रियल हायर सेकेंडरी स्कूल जबलपुर, मॉण्टफोर्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंडला, मॉण्टफोर्ट स्कूल रूड़की, सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज सरधना तथा मॉण्टफोर्ट इंटर कॉलेज लखनऊ के छात्र प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मॉण्टफोर्ट के विद्यार्थियों ने ‘रिदम्स ऑफ ग्रेस’ शीर्षक से प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत कर ईश्वर की वंदना की। अतिथियों एवं गणमान्यजनों का सम्मान किया गया। मॉण्टफोर्ट लखनऊ स्टूडेंट कॉयर ने ‘हार्मनीज ऑफ वेलकम’ स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को सुरमयी बना दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रदर जीनू अब्राहम ने स्वागत भाषण ‘द लीडर्स कॉल’ के माध्यम से युवा प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सच्चा नेता वही है, जो अपने कार्यों, व्यवहार और निर्णयों के माध्यम से दूसरों के लिए प्रेरणा बने।
इसके बाद ‘यूनाइटेड इन पर्पज’ नामक ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से प्रतिभागी विद्यालयों की झलकियां और मेजबान परिसर की गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागी विद्यालयों के प्रतिनिधियों के लिए औपचारिक स्वागत समारोह ‘द ग्रैंड डेलिगेशन’ आयोजित हुआ।

इंटरैक्टिव सत्रों में छात्रों ने सीखे नेतृत्व के गुर
तकनीकी एवं व्यावहारिक सत्रों की शुरुआत श्रीमती सौम्या फेलोस के ‘साइलेंट फ्रेम्स, लाउड लीडरशिप’ सत्र से हुई। इसमें सिनेमा और दृश्य माध्यमों के जरिए नेतृत्व के विभिन्न पहलुओं को समझाया गया। इसके बाद श्री अभिषेक श्रीवास्तव ने ‘सिनर्जी इन मोशन’ सत्र में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं इंटरैक्टिव गतिविधियां आयोजित कीं। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों ने टीमवर्क, सहयोग और सामूहिक निर्णय लेने की क्षमता का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
अल्पाहार के बाद मुख्य वक्ता श्री सिद्धार्थ वर्मा ने ‘द कोर पैराडाइम’ नामक नेतृत्व सत्र का संचालन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक नेतृत्व की आवश्यकताओं, जिम्मेदारियों और चुनौतियों से परिचित कराया। दोपहर के भोजन एवं नेटवर्किंग सत्र के बाद श्रीमती नीना दास ने ‘लीडिंग थ्रू नैरेटिव’ विषय पर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहानियों और प्रसंगों के माध्यम से प्रभावशाली संवाद एवं नेतृत्व की कला समझाई।
‘द कैबिनेट चैलेंज’ में दिखी प्रतिभा
दोपहर बाद आयोजित ‘द कैबिनेट चैलेंज’ में अंतर-विद्यालय नाट्य मंचन हुआ। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी अभिनय प्रतिभा के साथ नेतृत्व कौशल का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इसके बाद ‘वॉयस ऑफ टुमारो’ नाम से ओपन हाउस संवाद आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के कैबिनेट सदस्यों ने अपने विचार खुलकर साझा किए और वर्तमान समय की चुनौतियों पर चर्चा की।
‘द लेगेसी कंटीन्यूज’ के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रिसोर्स पर्सन, शिक्षकगण, आयोजकों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शाम 4 बजे ‘द लेगेसी कंटीन्यूज’ नामक समापन समारोह एवं सामूहिक चाय के साथ छात्र नेतृत्व सेमिनार का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, सहभागिता और नेतृत्व सीखने की ललक देखने को मिली। यह सेमिनार विद्यार्थियों को नेतृत्व के व्यावहारिक पक्षों से जोड़ने के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र प्रतिनिधियों के बीच संवाद और नेटवर्किंग का प्रभावी मंच भी बना।



