54 चिकित्सकों के सम्मान के साथ विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान एवं छात्रवृत्ति वितरण

रस्तोगी स्वास्थ्य केंद्र का 18वां वार्षिकोत्सव 15 अगस्त को, नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण और पांच स्मारिकाओं का होगा विमोचन
 
ji0oi
लखनऊ। सत्यवादी हरिश्चंद्र स्वास्थ्य परीक्षण समिति द्वारा संचालित खालाबाजार स्थित रस्तोगी स्वास्थ्य केंद्र का 18वां वार्षिकोत्सव 15 अगस्त को ऐशबाग स्थित रामलीला मैदान के तुलसी मानस भवन में आयोजित किया जाएगा। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 54 चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।

समारोह का शुभारंभ शनिवार शाम चार बजे होगा। कार्यक्रम में कानपुर के स्वदेशी ग्रुप के प्रबंध निदेशक महेश कुमार रस्तोगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में धर्मशिला नारायण सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिल्ली के रेडियोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. (कर्नल) विकास रस्तोगी, आनंद हॉस्पिटल लखनऊ के निदेशक डॉ. अतुल रस्तोगी तथा एफआईसीओजी की एमडी डॉ. अंशुमाला रस्तोगी मौजूद रहेंगी।

इस संबंध में गुरुवार को हजरतगंज स्थित जनभवन के सामने मोतीमहल डीलक्स में आयोजित प्रेस वार्ता में लखनऊ सत्यवादी हरिश्चंद्र स्वास्थ्य परीक्षण समिति के संस्थापक हरी जीवन रस्तोगी, अध्यक्ष संजीव रस्तोगी, रस्तोगी स्वास्थ्य केंद्र के अध्यक्ष विष्णु बल्लभ और महामंत्री अमित रस्तोगी ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह में अखिल भारतीय हरिश्चन्द्र वंशीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रस्तोगी की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण

वार्षिकोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद समिति की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।कार्यक्रम में पांच स्मारिकाओं का विमोचन भी किया जाएगा। इनमें लखनऊ हरिश्चन्द्र वंशीय समाज, सत्यवादी हरिश्चन्द्र स्वास्थ्य परीक्षण समिति, हरिश्चन्द्र दर्पण समिति, महिला समिति ‘सुहासिनी’ तथा रस्तोगी स्किल डेवलपमेंट एंड स्टार्टअप कमेटी की स्मारिकाएं शामिल हैं।आयोजकों के अनुसार वार्षिकोत्सव का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित करने के साथ-साथ मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना है।

Tags