सीबीएसई सीनियर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में इरम पब्लिक कॉलेज के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
Eram Public College students perform brilliantly in CBSE Senior Secondary Examination results
Wed, 13 May 2026
लखनऊ, 13 मई 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित सीनियर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में इरम पब्लिक कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और अपने परिवार का नाम रोशन किया।
इरम एजुकेशनल सोसाइटी के प्रबंधक डॉ. ख्वाजा बज़्मी यूनुस ने बताया कि परीक्षा में प्रशांत शर्मा ने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गौरी सिंह द्वितीय और रूसदा खातून तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यालय के अधिकांश विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।
डॉ. यूनुस ने छात्रों, शिक्षकों और प्रधानाचार्या को बधाई देते हुए कहा कि अंक जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं हैं, बल्कि असली शुरुआत अब होती है। उन्होंने छात्रों को निरंतर अध्ययन जारी रखने की प्रेरणा देते हुए कहा कि इरम एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा विभिन्न कैंपसों में शैक्षिक, प्राविधिक और व्यवसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं,

जिससे विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा के अवसर प्राप्त हो सकें। सोसाइटी के निदेशक ख्वाजा फैज़ी यूनुस ने छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता और छात्रों की सफलता उनकी लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर नवाचार कर रहा है।
सोसाइटी के सचिव ख्वाजा सैफी यूनुस ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की। प्रधानाचार्या श्रीमती सहर सुल्तान एवं चीफ एकेडमिक हेड श्रीमती ज़र्रीन अब्बास ने विद्यार्थियों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित रहे। अभिभावकों ने विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम में श्री राजेश त्रिपाठी, शीतल नारायण, सायमा अनीस, मो. आदिल, यासमीन फातिमा, आदित्य तलरेजा और फैसल उल्लाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे और छात्रों के साथ अपनी खुशी साझा की।
