लखनऊ मण्डल के विद्यार्थी देखेंगे फिलेटली म्यूज़ियम में ‘स्वतंत्रता संग्राम वीथिका’
लखनऊ। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उनके मन में देश प्रेम की भावना जाग्रत करने के उद्देश्य से लखनऊ मण्डल के माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को जीपीओ लखनऊ स्थित फिलेटली म्यूज़ियम में बनी “स्वतंत्रता संग्राम वीथिका” का दर्शन कराया जाएगा।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर प्रदेश परिमण्डल, हजरतगंज के निर्देश के अनुपालन में महानिदेशक स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा यह निर्देश जारी किए गए हैं।
मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि देश की आज़ादी में महान क्रांतिकारियों का अहम योगदान रहा है, जिसमें काकोरी कांड के शहीदों का विशेष स्थान है। काकोरी कांड के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लखनऊ के फिलेटली म्यूज़ियम में स्वतंत्रता संग्राम वीथिका का निर्माण किया गया है।

उन्होंने बताया कि काकोरी कांड का ऐतिहासिक कोर्ट ट्रायल भी जीपीओ भवन में ही हुआ था, जिसे फिलेटली वॉल पेंटिंग के माध्यम से जीवंत रूप में दर्शाया गया है। इस कारण जीपीओ भवन का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व और भी बढ़ जाता है।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मण्डल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने जानकारी दी कि लखनऊ मण्डल के सभी छह जनपद— लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई एवं लखीमपुर खीरी—के माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को इस वीथिका का दर्शन कराने हेतु जिला विद्यालय निरीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। मेरा कोट“विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, उनके मन में देश प्रेम की भावना को जाग्रत करने तथा वीर शहीद क्रांतिकारियों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता विकसित करना इसका उद्देश्य है।” — डॉ. दिनेश कुमार, मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मण्डल 🌹🙏🏻
