नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान में विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
लखनऊ के मौरा स्थित चरक इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में मेरा भारत (MY Bharat) अभियान के तहत ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान की डायरेक्टर श्रीमती रितु सिंह के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में NSS कार्यक्रम अधिकारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
संस्थान की डायरेक्टर श्रीमती रितु सिंह और प्राचार्य डॉ. अनुराधा त्रिपाठी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन, शिक्षा और करियर को भी प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
प्राचार्य डॉ. अनुराधा त्रिपाठी ने कहा कि नशे की समस्या का प्रभाव केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे, नशे से हमेशा दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर NSS कार्यक्रम अधिकारी, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर “नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें, भारत को विकसित बनाएं” का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों से स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर जागरूकता फैलाने की अपील की गई।
