बनगाई रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर छात्रों ने सौंपा ज्ञापन

इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव और सवारी गाड़ियों के समय में बदलाव की उठी मांग
 
ूबीब

गोंडा। बनगाई रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं ने आवाज उठाई है। छात्र नेता अंकित शुक्ला के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने गोंडा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) के सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव और सवारी गाड़ियों के समय में आवश्यक बदलाव की मांग की।

छात्रों का कहना है कि बनगाई रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, किसान, व्यापारी, अधिवक्ता, कर्मचारी, दैनिक श्रमिक और अन्य यात्री आवागमन करते हैं। ट्रेन के समय में बदलाव और प्रमुख इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव नहीं होने से इन यात्रियों को गोंडा आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी ही मांगों को लेकर हाल में स्थानीय यात्रियों की ओर से भी ज्ञापन और पत्राचार किया गया है।

इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव की मांग

छात्र-छात्राओं ने मांग की कि गोरखपुर-वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन का बनगाई रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सवारी/डेमू ट्रेनों के समय में यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक बदलाव करने की मांग भी रखी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिदिन पढ़ाई के लिए गोंडा आते-जाते हैं। इसके अलावा अधिवक्ताओं, व्यापारियों, मरीजों, कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों के लिए भी रेलवे आवागमन का प्रमुख साधन है। ट्रेन के मौजूदा समय और इंटरसिटी के ठहराव की समस्या से उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।

महाप्रबंधक के समक्ष उठेगा मामला

ज्ञापन प्राप्त करते हुए ZRUCC सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव ने छात्रों को आश्वासन दिया कि बनगाई रेलवे स्टेशन से जुड़ी समस्याओं को आगामी बैठक में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा से जुड़े इन मुद्दों के समाधान के लिए रेलवे अधिकारियों के सामने विस्तृत चर्चा की जाएगी।

बनगाई स्टेशन से जुड़ी ट्रेन संचालन और ठहराव की मांग पहले भी रेल अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष उठती रही है।इस अवसर पर भाजपा नेता उमेश श्रीवास्तव, अमित वर्मा, दानिश अली सहित छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे। छात्रों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक निर्णय करेगा, जिससे बनगाई और आसपास के क्षेत्र के लोगों को गोंडा आवागमन में राहत मिल सके।

Tags