‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ का संदेश, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में छात्रों ने लिया संकल्प
लखनऊ, 11 अगस्त 2026। बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज, लखनऊ में विज्ञान क्लब की इकाई की ओर से ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान’ के तहत स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवन और विकसित भारत की अवधारणा को अपने स्लोगनों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” सहित कई प्रेरणादायी स्लोगनों के जरिए विद्यार्थियों ने समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विज्ञान शिक्षक एवं विज्ञान क्लब प्रभारी हरिश्चन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधक बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त रहकर युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग देश के विकास में कर सकते हैं। स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशे से बचाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने कहा, “न हम नशा करेंगे और न ही किसी को नशा करने देंगे।”
