जोनल इंचार्ज से कथित अभद्रता के विरोध में सुएज कर्मियों ने बांधी काली पट्टी

पूर्व पार्षद पर गाली-गलौज और मारपीट के प्रयास का आरोप, कर्मचारियों ने कामकाज जारी रखते हुए जताया विरोध; जीएम जलकल को सौंपी लिखित शिकायत

 
cfty

लखनऊ। जोनल इंचार्ज के साथ कथित अभद्रता और मारपीट के प्रयास के विरोध में शुक्रवार को सुएज इंडिया के सीवर सफाई कर्मचारियों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। हालांकि, विरोध के दौरान कर्मचारियों ने शहर की सीवर सफाई और सीवर नेटवर्क से जुड़े कार्यों को प्रभावित नहीं होने दिया। सभी कर्मचारी नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे।

मामला जोन-4 के रफी अहमद किदवई वार्ड से जुड़ा है। आरोप है कि वार्ड के पूर्व पार्षद राम किशन यादव ने जोन-4 के जोनल इंचार्ज महेंद्र पाल सिंह को अपने आवास पर बुलाया। वहां उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही, मारपीट का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद जोनल इंचार्ज महेंद्र पाल सिंह ने पूरे मामले की लिखित शिकायत जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह को सौंपी है। इस घटना से नाराज सुएज इंडिया के कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना है कि शहर की सीवर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में फील्ड पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

ऐसे में उनके लिए सम्मानजनक और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। किसी भी जनप्रतिनिधि या अन्य व्यक्ति को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का अधिकार नहीं है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध केवल कथित दुर्व्यवहार की घटना के खिलाफ है। शहरवासियों को सीवर संबंधी सेवाएं लगातार मिलती रहें, इसे ध्यान में रखते हुए सफाई और रखरखाव का काम सामान्य रूप से जारी रखा गया।

Tags