सुरक्षा के प्रति सुएज की मजबूत प्रतिबद्धता: ज़ोन-6 में कर्मचारियों के लिए विशेष सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
Suez's strong commitment to safety: Special safety awareness program for employees in Zone 6
Wed, 3 Dec 2025
लखनऊ: नगर में सीवर संचालन तथा एसटीपी प्रबंधन के दौरान शून्य गंभीर और घातक दुर्घटना के लक्ष्य को और सुदृढ़ करने हेतु सुएज ने इस सप्ताह ज़ोन-6 के पोर्टा केबिन और दौलतगंज एसटीपी पर एक व्यापक सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को यह समझाना था कि किसी भी कार्य की शुरुआत से पहले निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOPs) का पालन अनिवार्य है। प्रतिभागियों को सुरक्षा दिशा-निर्देशों के महत्व, सावधानियों और कार्यस्थल पर आवश्यक अनुशासन के बारे में विस्तार से बताया गया।
सुएज प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सीवर लाइन या मैनहोल में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित है और यह केवल निर्धारित SOP के तहत, आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल पूरा करने के बाद ही किया जा सकेगा। साथ ही बिना वैध वर्क परमिट के किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। पर्यवेक्षकों को अपने क्षेत्र में होने वाले सभी कार्यों की सुरक्षा के लिए पूर्ण जिम्मेदार माना जाएगा।
कंपनी ने मल्टी-गैस डिटेक्टर द्वारा गैस परीक्षण को अनिवार्य किया है, ताकि किसी भी दुर्घटना की संभावना को पहले ही रोका जा सके। कार्यक्रम में यह भी दोहराया गया कि किसी भी असुरक्षित गतिविधि को तुरंत रोका जाए और उसकी रिपोर्टिंग बिना विलंब के की जाए। कर्मचारियों को यह अधिकार भी दिया गया है कि वे किसी भी असुरक्षित कार्य को रोकने के लिए पहल कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान सुएज के परियोजना निदेशक राजेश मठपाल ने कहा सीवर सफाई और एसटीपी संचालन में सुरक्षा हमारी प्रथम प्राथमिकता है। कार्य शुरू करने से पहले वैध वर्क परमिट, गैस परीक्षण और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) का उपयोग अनिवार्य होना चाहिए। हम ऐसी कार्य संस्कृति विकसित कर रहे हैं जहाँ कर्मचारी निडर होकर सुरक्षा से जुड़ी अपनी बातें रखें और असुरक्षित कार्य को रोकने का साहस दिखाएँ। सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है।”
इस अवसर पर परियोजना निदेशक राजेश मठपाल के साथ ऑपरेशन इंचार्ज धर्मेंद्र भारती, नेटवर्क इंचार्ज रजनीश शर्मा, और हेल्थ एंड सेफ्टी इंचार्ज पंकज सिंह भी मौजूद रहे।
