राप्ती नदी में गिरे गन्ना समिति के डायरेक्टर टीबी सिंह, NDRF और प्रशासन का सर्च ऑपरेशन जारी
बलरामपुर। बलरामपुर गन्ना समिति के उपाध्यक्ष एवं गन्ना डायरेक्टर तथा वरिष्ठ समाजसेवी तेज बहादुर सिंह (टीबी सिंह) मंगलवार रात राप्ती नदी के सिसई घाट पर तेज बहाव में गिरने के बाद लापता हो गए। घटना के बाद एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमों ने खोज अभियान शुरू किया, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, सेवरहा निवासी तेज बहादुर सिंह पुत्र हरि भगत सिंह मंगलवार रात करीब 10:30 बजे बलरामपुर के सिसई घाट पर राप्ती नदी में आई बाढ़ देखने गए थे। बताया गया कि वह पुल के बीच में मोटरसाइकिल खड़ी कर नीचे नदी की ओर देखने लगे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नदी की तेज धारा में गिर गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास मौजूद लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन तत्काल उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद उनके रिश्तेदार और बलरामपुर गन्ना समिति के अध्यक्ष रन्नू सिंह तथा उनके पुत्र सतेंद्र बहादुर सिंह उर्फ पप्पू ने स्थानीय लोगों के सहयोग से खोज अभियान शुरू कराया।
पूरी रात चला सर्च ऑपरेशन
टीबी सिंह की तलाश में सिसई घाट से गौरा तक राप्ती नदी के किनारे पूरी रात खोजबीन की गई। इस अभियान में एनडीआरएफ की टीम ने भी सहयोग किया। नदी के तेज बहाव और आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह स्थानीय प्रशासन के सहयोग से दोबारा व्यापक खोज अभियान शुरू किया गया। दिनभर नदी के आसपास और संभावित स्थानों पर तलाश जारी रही, लेकिन अभी तक टीबी सिंह की स्थिति के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
परिजनों ने आसपास के जिलों में भी की अपील
घटना के बाद परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। गन्ना समिति के अध्यक्ष रन्नू सिंह ने सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोरखपुर समेत आसपास के जिलों के लोगों से भी टीबी सिंह के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचित करने की अपील की है।
परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा राप्ती नदी के किनारे तथा आसपास की झाड़ियों और संभावित स्थानों पर भी तलाश की जा रही है। रन्नू सिंह और उनके पुत्र पप्पू सिंह ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को टीबी सिंह कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल निम्न नंबरों पर सूचना दें:
