एम.डी.के. बालिका इंटर कॉलेज में मेधावी छात्राओं का सम्मान , सुंदरी मौर्या और शिवाक्षी तिवारी को मिली मिथलेश जायसवाल स्मारक छात्रवृत्ति
Sundari Maurya and Shivakshi Tiwari receive the Mithilesh Jaiswal Memorial Scholarship
बलरामपुर। स्थानीय एम.डी.के. बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्राओं को मिथलेश जायसवाल स्मारक छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया। समारोह में कक्षा 10 की दो छात्राओं सुंदरी मौर्या एवं शिवाक्षी तिवारी को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए नकद धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
विद्यालय की प्रधानाचार्य साधना पाण्डेय ने जानकारी दी कि यह छात्रवृत्ति आशीष कुमार वर्मा द्वारा अपनी माता स्व. मिथलेश जायसवाल की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान की जाती है। इस वर्ष छात्रवृत्ति चयन के लिए सामाजिक कार्यकर्ता शुचि के निर्देशन में एक विशेष योग्यता परीक्षा आयोजित की गई थी।

परीक्षा में चयनित छात्रा सुंदरी मौर्या को 2500 रुपये तथा शिवाक्षी तिवारी को 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।सम्मान समारोह में छात्रवृत्ति के संरक्षक राम खेलावन वर्मा एवं संयोजिका शुचि ने छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी स्मृति चिह्न भेंट किए।

विद्यालय परिवार की ओर से अभिभावकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि बच्चों की सफलता में माता-पिता का निरंतर सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। छात्रवृत्ति प्राप्त कर छात्राओं एवं उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस पहल को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन शिक्षिका नीलम ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य साधना पाण्डेय ने कहा कि स्व. मिथलेश जायसवाल का परिवार लंबे समय से विद्यालय एवं विद्यार्थियों के कल्याण हेतु निरंतर सहयोग करता आ रहा है। ऐसे आयोजनों से छात्राओं में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
