फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित हुए सुनील भारती मित्तल
लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026। भारत में फ्रांस के राजदूत महामहिम थिएरी माथू ने भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल ‘नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ के शेवेलियर (नाइट) सम्मान से अलंकृत किया। 28 अक्टूबर को फ्रांस निवास में आयोजित विशेष समारोह में उन्हें इस सम्मान का प्रतीक चिह्न प्रदान किया गया।
फ्रांस सरकार ने सुनील भारती मित्तल को यह सम्मान भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने में उनके निरंतर योगदान तथा दूरसंचार, डिजिटल अवसंरचना और उपग्रह संचार के क्षेत्र में उनकी अग्रणी भूमिका के लिए दिया है।
समारोह को संबोधित करते हुए फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू ने कहा कि सुनील भारती मित्तल को दिया गया यह सम्मान भारत-फ्रांस आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना है। उन्होंने कहा कि मित्तल ने फ्रांसीसी कंपनियों के साथ अपने व्यावसायिक जुड़ाव के माध्यम से दोनों देशों के कारोबारी रिश्तों को मजबूत किया है।
राजदूत ने विशेष रूप से फ्रांसीसी बहुराष्ट्रीय बीमा समूह एक्सा और दूरसंचार उपकरण निर्माता अल्काटेल-लुसेंट के साथ उनके संबंधों का उल्लेख किया। इसके अलावा, फ्रांसीसी उपग्रह कंपनी यूटेलसैट में उनके निवेश को भी फ्रांस की रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं और उपग्रह संचार क्षेत्र में सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत-फ्रांस साझेदारी को मजबूत करने और दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक रणनीतिक सहयोग के प्रति मित्तल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
सम्मान स्वीकार करते हुए सुनील भारती मित्तल ने कहा कि फ्रांसीसी गणराज्य के राष्ट्रपति की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए गर्व और विनम्रता का विषय है। उन्होंने बताया कि फ्रांस के साथ उनका जुड़ाव वर्ष 1992 में एयरटेल की स्थापना के समय शुरू हुआ था। उस दौरान फ्रांसीसी कंपनी कॉम्पैनी जेनराल देज़ो ने भारत में मोबाइल टेलीफोनी सेवाओं की शुरुआत के लिए भारती के साथ साझेदारी की थी।
मित्तल ने कहा कि फ्रांस के साथ उनका संबंध आज भी जारी है और यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका इस साझेदारी को नई दिशा दे रही है। उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत और फ्रांस अपनी विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के तहत अंतरिक्ष और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग को लगातार विस्तार दे रहे हैं। ऐसे में यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में सुनील भारती मित्तल दोनों देशों के बीच आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
