सड़क हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मिले सुरेंद्र कुमार, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
हरदोई। बालामऊ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी एवं कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग, उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र कुमार ने विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
सुरेंद्र कुमार सबसे पहले ग्राम रामपुर आशू निवासी तेजपाल पुत्र धनीराम के परिजनों से मिले। तेजपाल की 18 अगस्त को संडीला स्थित पशु चिकित्सालय के पास ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
इसके बाद उन्होंने नानक खेड़ा, संडीला पहुंचकर कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रिंकू पुत्र सुशील के परिवार से मुलाकात की। बताया गया कि 17 अगस्त को नानक खेड़ा के कुछ युवक कांवड़ यात्रा के लिए निकले थे। बिलग्राम के पास हुए सड़क हादसे में रिंकू की मौत हो गई, जबकि पवन पुत्र जगदीश समेत दो लोग घायल हो गए, जिनका उपचार चल रहा है।
सुरेंद्र कुमार ने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दोनों ही सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और समाज के प्रति समर्पित एवं मिलनसार स्वभाव के थे। उनके असमय निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने कहा कि “यह घटना केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में परिवार को सांत्वना देना भी बेहद कठिन महसूस हो रहा है। ईश्वर ऐसी पीड़ा किसी को न दे।” उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर आर.एल. वर्मा, देवेंद्र कुमार सिंह, कृष्णा वर्मा, रंजीत कुमार गौतम, राकेश सिंह, प्रदीप कुमार, राम कुमार, सुभाष सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
