लखनऊ मंडल में मूल्यांकन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण, अनाधिकृत प्रवेश पर सख्त रोक के निर्देश

Surprise Inspection of Evaluation Centers in Lucknow Division; Directives Issued for Strict Ban on Unauthorized Entry
 
लखनऊ मंडल में मूल्यांकन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण, अनाधिकृत प्रवेश पर सख्त रोक के निर्देश

लखनऊ। यू.पी. बोर्ड परीक्षा 2026 के तहत चल रहे मूल्यांकन कार्य की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार एवं जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार द्वारा 19 मार्च 2026 को लखनऊ जनपद के दो मूल्यांकन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का जायजा लिया गया।

इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार ने उपनियंत्रकों को भगवती सिंह द्वारा जारी मूल्यांकन-2026 की एसओपी के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मूल्यांकन प्रक्रिया समयबद्ध, त्रुटिरहित और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न होनी चाहिए।

साथ ही उन्होंने सभी 23 मूल्यांकन केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए। इस संबंध में लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, रायबरेली और हरदोई के जिला विद्यालय निरीक्षकों को भी सख्त निर्देश जारी किए गए।उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मूल्यांकन कार्य शुचिता, गोपनीयता, शांतिपूर्ण वातावरण और निष्पक्षता के साथ ही संपन्न कराया जाए, ताकि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनी रहे।

Tags