सर्वे-सट्टा प्रदर्शन मेले का शुभारंभ, किसानों की आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
इस दौरान प्रदीप सिंह ने उपस्थित गन्ना किसानों से संवाद कर सर्वे एवं सट्टा से जुड़ी उनकी समस्याओं, सुझावों और आपत्तियों को गंभीरता से सुना। उन्होंने किसानों को सर्वे-सट्टा प्रक्रिया की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं गन्ना पर्यवेक्षकों को प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रदीप सिंह ने कहा कि किसानों का हित सर्वोपरि है। सर्वे एवं सट्टा संबंधी अभिलेखों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि सर्वे-सट्टा प्रदर्शन मेला 22 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस अवधि में किसान अपने सर्वे एवं सट्टा संबंधी विवरणों का अवलोकन कर सकते हैं और किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या होने पर अपनी आपत्ति दर्ज कराकर नियमानुसार उसका समाधान करा सकते हैं।
मेले के दौरान गन्ना पर्यवेक्षकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के किसानों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को दर्ज कर उनके निस्तारण की दिशा में कार्य किया।कार्यक्रम में सचिव तुलसीपुर राजेश कुमार, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, गन्ना समिति उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ला, गन्ना डायरेक्टर मनराज सिंह, माधव चौधरी सहित समिति के पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के बड़ी संख्या में गन्ना किसान मौजूद रहे।
