राष्ट्रीय खेल दिवस पर कबड्डी प्रतियोगिता में स्वाभिमान पुरम ने मारी बाजी
30 अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में महाराणा प्रताप वनवासी छात्रावास टीम-ए और टीम-बी आमने-सामने रहीं। मुख्य अतिथि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश कुमार वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। टीम-ए ने 45 अंक हासिल किए, जबकि टीम-बी 25 अंक ही बना सकी। इस तरह टीम-ए को विजेता घोषित किया गया। टीम-ए के कप्तान मोहित और टीम-बी के कप्तान राजू रहे।

दूसरे मुकाबले में सब्जी मंडी और खलवा मोहल्ला की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। वरिष्ठ अधिवक्ता ओम प्रकाश मिश्रा, हरिवंश सिंह और व्यवसायी पुनीत पहवा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। खलवा की टीम ने 30 अंक हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि सब्जी मंडी की टीम 20 अंक पर सीमित रही। खलवा के कप्तान अक्षय और सब्जी मंडी के कप्तान राज रहे।
तीसरे मुकाबले में सब्जी मंडी का सामना स्वाभिमान पुरम से हुआ। स्वाभिमान पुरम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 30 अंक हासिल किए, जबकि सब्जी मंडी की टीम 15 अंक ही बना सकी। स्वाभिमान पुरम को विजेता घोषित किया गया। टीम की कप्तानी अखिलेश ने की।
इसके बाद खलवा और स्वाभिमान पुरम के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल मैच का शुभारंभ गायत्री विद्यापीठ, रिसिया, बहराइच के प्राचार्य डॉ. दिव्य दर्शन तिवारी, पायनियर पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉ. एमपी तिवारी तथा एमएलके पीजी कॉलेज की शालिनी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
फाइनल मुकाबले में स्वाभिमान पुरम की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 43 अंक हासिल किए, जबकि खलवा की टीम 33 अंक ही जुटा सकी। इस प्रदर्शन के आधार पर स्वाभिमान पुरम को विजेता और खलवा को उपविजेता घोषित किया गया। विजेता और रनर टीम को वनवासी कल्याण आश्रम के क्षेत्रीय खेलकूद प्रमुख जितेंद्र जी ने अन्य अतिथियों के साथ पुरस्कार स्वरूप नकद धनराशि प्रदान की।

इस अवसर पर जितेंद्र जी ने वनवासी कल्याण आश्रम की ओर से वनवासी छात्रों के लिए संचालित विभिन्न खेलकूद गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूरे आयोजन की जिम्मेदारी महाराणा प्रताप वनवासी छात्रावास संचालन समिति ने संभाली। समिति के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन, महामंत्री इंदू भूषण जायसवाल, उपाध्यक्ष डॉ. एमपी तिवारी, कुंवर जय सिंह, प्रचार-प्रसार प्रमुख अखिलेश्वर तिवारी, सह प्रमुख रामकुमार मिश्र एवं वेद प्रकाश मिश्रा, डॉ. रवि प्रकाश मिश्रा तथा वनवासी कल्याण आश्रम के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सचिन जी ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
समिति अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य छात्रों में टीम भावना विकसित करने के साथ उनके शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करना है। मुख्य अतिथि डॉ. एसके वर्मा ने थारू जनजातीय बच्चों के लिए समिति द्वारा समय-समय पर किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
समिति के महामंत्री इंदू भूषण जायसवाल ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व की जानकारी दी और सभी अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका हिमांशु चौधरी ने निभाई। कार्यक्रम का समापन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. एमपी तिवारी के संबोधन के साथ हुआ।
