स्वदेशी का संकल्प और राष्ट्र निर्माण के प्रेरक : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मो
The resolve for Swadeshi and the inspiration for nation building – Prime Minister Narendra Modi
Tue, 16 Sep 2025
(डॉ. मोहन यादव – विभूति फीचर्स)
“परिश्रम से ही इतिहास रचता है इंसान,
फौलादी चट्टानों को जिसने तोड़ा है,
वही समय की धारा मोड़ पाता है।
आज वही क्षण है, जब भारत को नई दिशा देने का अवसर हमारे हाथों में है।”
इन प्रेरक पंक्तियों के साथ मैं हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ। यह हमारे लिए गौरव का क्षण है कि प्रधानमंत्री जी इस अवसर पर मध्यप्रदेश पधार रहे हैं। वे धार जिले के भैंसोला गांव में देश के पहले "पीएम मित्र पार्क" की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही वे ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार और पोषण अभियान’ तथा ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ का भी शुभारंभ करेंगे। प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से उनका हृदय से स्वागत और अभिनंदन।
परिश्रम और राष्ट्र सेवा का जीवन
श्री मोदी जी का जीवन परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के संकल्प का प्रतीक है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर उन्होंने समाजहित में कार्य करना आरंभ किया और आज प्रधानमंत्री के रूप में उनका ध्येय भी राष्ट्रहित ही है। उनके नेतृत्व ने भारत को विश्व पटल पर अग्रणी स्थान दिलाया है।
राष्ट्र निर्माण की ऐतिहासिक पहल
प्रधानमंत्री जी ने अपने निर्णयों से देश की नींव को मजबूत किया है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का हटना, अयोध्या में श्रीरामलला की प्रतिष्ठापना और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की संकल्पना उनके दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उनका दृष्टिकोण भारत को आत्मनिर्भर, सुरक्षित, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से गौरवशाली बनाने की ओर अग्रसर करता है।
स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश
प्रधानमंत्री पद संभालते ही उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की और स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर जनता को प्रेरित किया। मध्यप्रदेश इस अभियान में अग्रणी रहा और इंदौर ने लगातार आठ वर्षों तक देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने का गौरव प्राप्त किया।
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए उन्होंने आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की, जिससे 40 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध हुईं।
सांस्कृतिक गौरव और आत्मनिर्भर भारत
प्रधानमंत्री जी का नारा ‘विरासत के साथ विकास’ भारतीय संस्कृति और आधुनिकता का अद्भुत संगम है। इससे समाज में आत्मविश्वास, स्वदेशी भावना और राष्ट्रप्रेम जागृत हुआ।
आर्थिक प्रगति की नई ऊँचाइयाँ
2014 में भारत 11वीं अर्थव्यवस्था था, आज मोदी जी के नेतृत्व में यह चौथे स्थान पर पहुँच चुका है और तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। रक्षा उत्पादन, व्यापार, स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार में भारत ने वैश्विक पहचान बनाई है।
चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर तिरंगा फहराना भारत की अंतरिक्ष क्षमता का ऐतिहासिक प्रमाण है।
निर्णायक नेतृत्व और सुधार
प्रधानमंत्री जी की सबसे बड़ी विशेषता है – कहते हैं तो करते भी हैं। स्वतंत्रता दिवस पर घोषित जीएसटी सुधार को उन्होंने एक माह में लागू कर दिया। इससे कर प्रणाली सरल हुई, महंगाई पर नियंत्रण मिला और आर्थिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा।
युवाओं और महिलाओं का सशक्तिकरण
- श्री मोदी जी का विश्वास है कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं और महिलाओं की सबसे बड़ी भूमिका है।
- प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से करोड़ों युवाओं को अवसर मिले।
- मुद्रा योजना से 52 करोड़ छोटे उद्यमियों को आर्थिक सहयोग मिला।
- उज्ज्वला योजना से 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को धुएँ से मुक्ति मिली।
- लखपति दीदी अभियान से 3 करोड़ महिलाएँ आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ीं।
- महिला आरक्षण लागू कर राजनीतिक सहभागिता सुनिश्चित की गई।
जनकल्याण की व्यापक योजनाएँ
- प्रधानमंत्री आवास योजना से 4 करोड़ परिवारों को घर मिला।
- गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध हुआ।
- जल जीवन मिशन से 15 करोड़ घरों में नल का जल पहुँचा।
- स्वच्छ भारत मिशन से 12 करोड़ शौचालय बने।
- इन पहलों ने सीधे आमजन को लाभ पहुँचाया।
राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक पहचान
प्रधानमंत्री जी ने हमेशा राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। सीमाओं की मजबूती, आतंकवाद पर सख्ती और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों से भारत ने अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया।
संकल्प से सिद्धि की ओर
श्री मोदी जी का जीवन त्याग, सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने देश को संकट से अवसर की ओर, सीमित संसाधनों से वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर किया है।
आज उनके जन्मदिवस पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँगे। भैंसोला में स्थापित होने वाला ‘पीएम मित्र पार्क’ स्वदेशी उद्योगों को नई गति देगा और आत्मनिर्भर भारत की राह मजबूत करेगा।
“सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका कल्याण” के पथ पर अग्रसर युगदृष्टा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।
(विभूति फीचर्स)
(लेखक – मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं)
