लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय)।नागरिक सुरक्षा विभाग के मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि नागरिक सुरक्षा मुख्यतः स्वयंसेवकों का संगठन है, जो देश सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।

गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार बख्शी का तालाब स्थित केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान पर आज से प्रारंभ 'ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर' पाठ्यक्रम का उद्घाटन माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नागरिक सुरक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश धर्मवीर प्रजापति के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्रशिक्षण में उत्तर प्रदेश के विभिन्न सिविल डिफेंस नगरों से 40 प्रशिक्षार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान परिपेक्ष्य में नागरिक सुरक्षा की महत्ता काफी बढ़ गई है, जिस कारण भारत सरकार व राज्य सरकार नागरिक सुरक्षा के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दे रही हैं। स्वयंसेवकों को दिए जा रहे इस प्रशिक्षण से विभिन्न आपदाओं में कुशलता से काम करने का सहयोग मिलेगा तथा यहां तैयार किए गए प्रशिक्षक अपने अपने जिलों में प्रशिक्षण चलाकर फर्स्ट रिस्पॉन्डर तैयार करने का कार्य करेंगे।

इस अवसर पर विभाग के संबंध में एक प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण भी किया गया। जिसके माध्यम से विभाग के क्रियाकलापों को दर्शाया गया। नागरिक सुरक्षा उत्तर प्रदेश के महानिदेशक अभय कुमार प्रसाद ने उत्तर प्रदेश में विभाग के विस्तारीकरण के लिए मुख्यमंत्री व विभागीय मंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा के समस्त वैतनिक अधिकारियों को वर्तमान परिदृश्य के चलते सजग रहने की आवश्यकता है। साथ ही नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भर्ती शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विशेष सचिव नागरिक सुरक्षा अनुभाग उत्तर प्रदेश मनोज राय ने अपने संबोधन में कहा कि समस्त जनपदों में नागरिक सुरक्षा का गठन और उन सभी जनपदों में पदों का भी सृजन कर दिया गया है। अंत में प्रशिक्षण संस्थान की कमांडेंट श्रीमती नीता यादव द्वारा सभी अतिथियों को धन्यवाद दिया गया। जिसके बाद मंत्री सहित समस्त अधिकारियों द्वारा संस्थान परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में उपनियंत्रक अनिता प्रताप, सुमित मौर्य, सहायक उपनियंत्रक योगेश कुमार भी उपस्थित रहे।