Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah 18 Years: 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' ने पूरे किए 18 गौरवशाली साल, सोनी सब और असित मोदी ने किया 18 दिनों के जश्न का ऐलान
TMKOC Completes 18 Years: भारतीय टेलीविजन इतिहास का सबसे लोकप्रिय और लंबे समय तक चलने वाला पारिवारिक कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' (Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah) सफलता के नए शिखर पर पहुंच गया है। लगभग दो दशकों से देश-विदेश के करोड़ों दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने वाले इस शो ने अपने 18 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए हैं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए सोनी सब (Sony SAB) और नीला फिल्म प्रोडक्शंस ने 18 दिनों के भव्य उत्सव की घोषणा की है।
पिछले 18 वर्षों में इस शो ने अपनी साफ-सुथरी कॉमेडी, सामाजिक संदेशों और पारिवारिक मूल्यों के माध्यम से देशभर के करोड़ों दर्शकों का मनोरंजन किया है। गोकुलधाम सोसायटी के किरदार आज हर आयु वर्ग के दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुके हैं।
सोनी सब के चीफ कंटेंट ऑफिसर अजय भालवणकर ने कहा कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' ने हमेशा परिवारों को एक साथ जोड़ने का काम किया है। उन्होंने बताया कि शो ने पिछले 18 वर्षों में मनोरंजन के साथ सकारात्मक सोच और खुशियों का संदेश दिया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय दर्शकों, कलाकारों, तकनीकी टीम और नीला फिल्म प्रोडक्शंस के साथ मजबूत साझेदारी को दिया।
वहीं, नीला फिल्म प्रोडक्शंस के संस्थापक एवं निर्माता असित कुमार मोदी ने कहा कि शो की शुरुआत केवल एक विश्वास के साथ हुई थी कि हंसी लोगों को करीब लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि दर्शकों के अपार स्नेह ने इस कार्यक्रम को भारतीय परिवारों की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बना दिया है। उन्होंने पूरी टीम और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी वर्षों में भी शो का उद्देश्य लोगों के जीवन में मुस्कान और सकारात्मकता बनाए रखना रहेगा।
निर्माताओं के अनुसार, शो के 19वें वर्ष में प्रवेश के साथ दर्शकों को गोकुलधाम सोसायटी का नया रूप देखने को मिलेगा। हालांकि, शो की मूल भावना—पारिवारिक एकता, सामाजिक सौहार्द और मनोरंजन—पहले की तरह बरकरार रहेगी।
इन 18 वर्षों के दौरान 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' ने मनोरंजन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल सुरक्षा, नागरिक जिम्मेदारी और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर भी जागरूकता फैलाने का कार्य किया है। यही वजह है कि यह कार्यक्रम केवल एक कॉमेडी शो नहीं, बल्कि भारतीय टेलीविजन की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।
18वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रमों के तहत 28 जुलाई को जन्मदिन मनाने वाले 40 प्रशंसकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा टीएमकेओसी फैमिली कॉन्टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित 18 परिवारों को शो से जुड़ा विशेष ऑल-एक्सपेंस-पेड अनुभव मिलेगा। इस अवसर पर शो की विशेष स्मारक मर्चेंडाइज भी लॉन्च की गई है।
निर्माताओं का कहना है कि नए किरदारों, नई कहानियों और लगातार बढ़ते दर्शक वर्ग के साथ 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' आने वाले वर्षों में भी मनोरंजन और सकारात्मक संदेश देने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाता रहेगा।'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात 8:30 बजे सोनी सब पर किया जाता है।
