दो महीने से लापता है ताइक्वांडो खिलाड़ी दिव्यांशु, परिवार को अब भी बेटे की तलाश

CBSE नेशनल प्रतियोगिता में श्रीनगर जाने की तैयारी कर रहा था दिव्यांशु, गाजीपुर गंगा ब्रिज पर मिली थी साइकिल

 
दो महीने से लापता है ताइक्वांडो खिलाड़ी दिव्यांशु, परिवार को अब भी बेटे की तलाश

ताइक्वांडो में अपनी प्रतिभा के दम पर CBSE को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए श्रीनगर जाने की तैयारी कर रहा दिव्यांशु पिछले करीब दो महीने से लापता है। परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उनका बेटा कहां चला गया? वह सुरक्षित है या उसके साथ कोई अनहोनी हुई है? तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

परिजनों के अनुसार, घटना से करीब 24 घंटे पहले दिव्यांशु के कोच का फोन आया था। उस समय उसकी मां ने फोन उठाया और कोच का संदेश देते हुए दिव्यांशु से कहा कि कोच उसे बुला रहे हैं और उसे जाकर अपने जरूरी दस्तावेज पूरे करवाने हैं। इसके बाद दिव्यांशु साइकिल लेकर घर से निकल गया।

बताया जाता है कि रात करीब साढ़े आठ बजे परिवार को फोन आया कि दिव्यांशु की साइकिल गाजीपुर गंगा ब्रिज पर खड़ी मिली है। लेकिन दिव्यांशु वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और उसकी तलाश शुरू की गई।

काफी खोजबीन के बाद भी जब दिव्यांशु का पता नहीं चला तो अपहरण की आशंका जताई गई। मामले में FIR दर्ज कराई गई। परिवार और पुलिस ने कई दिनों तक उसकी तलाश की। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन परिजनों के मुताबिक कई कैमरे ठीक से काम नहीं कर रहे थे और फुटेज में बीच-बीच में अंतराल भी दिखाई दिए।

दो महीने बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

दिव्यांशु को लापता हुए करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह कहां है और उसके साथ क्या हुआ। परिवार लगातार पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपने बेटे की तलाश तेज करने की गुहार लगा रहा है। परिजन DIG, SP सहित कई अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।

जिस बच्चे को अपने खेल के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए श्रीनगर जाना था, आज उसी बच्चे का परिवार उसकी एक झलक पाने के लिए दर-दर भटक रहा है। परिवार की उम्मीद अब भी कायम है कि दिव्यांशु सकुशल घर लौटेगा।

अपील: यदि किसी व्यक्ति को दिव्यांशु के बारे में कोई जानकारी मिलती है या उसके कहीं दिखाई देने का पता चलता है, तो कृपया तत्काल पुलिस को सूचित करें। एक परिवार अपने बच्चे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।

Tags