एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर में सेना में चयनित जवानों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय, मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह, प्रो. अरविंद द्विवेदी, प्रो. एस.पी. मिश्र, प्रो. रेखा विश्वकर्मा एवं एनसीसी एसोसिएट ऑफिसर लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेन्द्र कुमार चौहान द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. पाण्डेय ने चयनित जवानों को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। महाविद्यालय के इन प्रतिभावान युवाओं का भारतीय सेना एवं अर्धसैनिक बलों में चयन न केवल उनके परिवारों के लिए, बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। आपने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़ा अनुशासन और निरंतर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, “मेरे प्रिय सैनिकों, अब आप साधारण युवा नहीं, बल्कि इस महान राष्ट्र के प्रहरी हैं। वर्दी की गरिमा बनाए रखना, ‘सर्विस बिफोर सेल्फ’ के सिद्धांत को अपनाना और हर परिस्थिति में साहस का परिचय देना ही आपकी पहचान होगी।”
एनसीसी एसोसिएट ऑफिसर लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेन्द्र कुमार चौहान ने सभी जवानों का स्वागत करते हुए कहा कि सीमाओं पर ड्यूटी के दौरान यह याद रखिएगा कि पूरा देश आपकी सुरक्षा को लेकर निश्चिंत है। आपके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है और हमें पूर्ण विश्वास है कि आप इसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। सेना का जीवन केवल एक पेशा नहीं, बल्कि त्याग, समर्पण और अनुशासन की संस्कृति है। आप सभी भविष्य की चुनौतियों के लिए सदैव तैयार रहें और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम का संचालन सह परीक्षा प्रभारी डॉ. सुनील कुमार शुक्ल ने किया।

समारोह में सीआरपीएफ में चयनित अभिषेक उपाध्याय, एसएसबी में आलोक कुमार तिवारी, सीआरपीएफ में बसंत लाल यादव, सीआईएसएफ में अजय कुमार गोस्वामी, भारतीय नौसेना में चयनित रूबी वर्मा एवं शिवनाथ गोस्वामी तथा एनसीसी में उत्कृष्ट कार्य के लिए वीरेन्द्र कुमार को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रो. तबस्सुम फरखी, डॉ. राम रहीस, डॉ. शिव महेंद्र, डॉ. अजहरुद्दीन, डॉ. सुनील मिश्र, डॉ. स्वदेश भट्ट, डॉ. प्रखर त्रिपाठी, डॉ. बसंत कुमार, डॉ. ऋषि रंजन, डॉ. लवकुश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
