विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव में छात्राओं के साथ अध्यापिकाओं ने भी बिखेरा हुनर, मंच पर थिरकीं शिक्षिकाएं
लखनऊ। कुर्सी रोड स्थित हरसिंगार इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ‘विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव-4’ में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की प्रस्तुतियों ने ऐसा माहौल बनाया कि स्कूल की कुछ अध्यापिकाओं में भी छात्र जीवन की यादें ताजा हो गईं और वे खुद को मंच पर नृत्य करने से रोक नहीं सकीं।
सोसायटी ऑफ कॅरियर टेक्नोलॉजी (सोक्ट) और जनविकास महासभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतिभा उत्सव की शुरुआत स्कूल की प्रधानाचार्या पूजा ग्रोवर के गीत प्रस्तुत करने से हुई। इसके बाद छात्राओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं के उत्साह और जोश से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर कुछ अध्यापिकाएं भी मंच पर पहुंचीं और अपने नृत्य से समां बांध दिया। शिक्षिकाओं को मंच पर नृत्य करते देख छात्राओं का उत्साह और बढ़ गया। छात्राओं ने तालियों और उत्साह के साथ अपनी अध्यापिकाओं का उत्साहवर्धन किया।

बेटियां मजबूत राष्ट्र की आधारशिला : पंकज तिवारी
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सोक्ट के महासचिव पंकज तिवारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें पर्यावरण एवं जल संरक्षण के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि बेटियां भारत की संस्कृति और संस्कार की वाहक होने के साथ मजबूत राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। इसलिए बेटियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए पूरे समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जो आगे चलकर उसके करियर को नई दिशा दे सकती है। ऐसे में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निरंतर निखारने पर भी ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम में जनविकास महासभा के महामंत्री एवं परी पुस्तक केन्द्र के प्रमुख अजय यादव, स्कूल के निदेशक रेखांश सिंह, प्रधानाचार्या पूजा ग्रोवर, उप प्रधानाचार्य शिवांश सिंह, कोआर्डिनेटर अनुराधा रॉय सहित अध्यापिकाएं प्रिया वाल्मीकी, प्रिया बाजपेई, सुधा मौर्या, ए. फातिमा और प्रिया पाण्डेय समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक होने का अवसर भी मिला।
