एमएलके पीजी कॉलेज में शिक्षक-छात्र परामर्श बैठक आयोजित, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर

Teacher-student consultation meeting held at MLK PG College; emphasis placed on the holistic development of students
 
hug

बलरामपुर। महारानी लाल कुंवरि स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एमएलके पीजी कॉलेज), बलरामपुर के शिक्षाशास्त्र विभाग की ओर से शुक्रवार को स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए शिक्षक-छात्र परामर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, शैक्षणिक प्रगति, व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता शिक्षाशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. दिनेश कुमार मौर्य ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए विभाग के सभी शिक्षक निरंतर प्रयासरत हैं। शिक्षक-छात्र परामर्श बैठक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों में सुधार करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और कक्षाओं में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रेरित करना है।

विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं कार्यक्रम संयोजक लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने कहा कि परामर्श बैठक के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति की समीक्षा करने के साथ उनकी व्यक्तिगत एवं भावनात्मक जरूरतों को समझने का प्रयास किया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना है, ताकि वे अपनी क्षमताओं को पहचानकर भविष्य के लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ सकें।

बैठक के दौरान स्नातक और परास्नातक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग परामर्शदाता भी नामित किए गए। इस पहल से विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं पर शिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त करने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम में शिक्षाशास्त्र विभाग के स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Tags