60 सेकंड की रील में सुनाएं अपने शहर की कहानी, यूपी पर्यटन ने युवाओं को दिया डिजिटल मंच

Share the story of your city in a 60-second reel; UP Tourism offers a digital platform to the youth.
 
60 सेकंड की रील में सुनाएं अपने शहर की कहानी, यूपी पर्यटन ने युवाओं को दिया डिजिटल मंच

लखनऊ, 31 अगस्त 2026। सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट के जरिए पर्यटन स्थलों की पहचान तेजी से बढ़ रही है। इसी बदलाव को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को अपने शहर की संस्कृति और पहचान दुनिया के सामने रखने का अवसर देने की पहल की है। ‘विजिट माई स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत यूपी पर्यटन ने युवाओं और स्थानीय निवासियों से अधिकतम 60 सेकंड की रील तैयार कर अपने शहर की खासियत साझा करने का आह्वान किया है।

इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के शहरों और क्षेत्रों की ऐसी कहानियों को सामने लाना है, जिन्हें वहां रहने वाले लोग सबसे बेहतर तरीके से जानते हैं। प्रतिभागी अपनी रील में शहर की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, खानपान, परंपराएं, स्थानीय लोग, हस्तशिल्प, छिपे हुए पर्यटन स्थल और अनूठे अनुभवों को अपनी व्यक्तिगत शैली में प्रस्तुत कर सकेंगे।

अपनी आवाज में बतानी होगी शहर की कहानी

अभियान के तहत प्रतिभागी को कैमरे के सामने स्वयं उपस्थित होकर अपने शहर के बारे में बताना होगा। रील में प्रतिभागी का चेहरा और आवाज स्पष्ट रूप से दिखाई और सुनाई देनी चाहिए। वीडियो अधिकतम 60 सेकंड का होना चाहिए और शहर की कहानी प्रतिभागी को अपने शब्दों में प्रस्तुत करनी होगी।

वीडियो आउटडोर लोकेशन पर शूट किया जाना चाहिए और उसके बैकग्राउंड में शहर का कोई प्रमुख पर्यटन स्थल, ऐतिहासिक धरोहर अथवा पहचान योग्य स्थान स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। प्रतिभागी अपनी रील हिंदी या अंग्रेजी में बना सकते हैं। वीडियो के अंत में “Visit My State Uttar Pradesh” कहना अनिवार्य होगा।

युवाओं को बनाना है यूपी की सांस्कृतिक पहचान का दूत : जयवीर सिंह

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान प्रदेश के हर जिले, शहर और गांव में दिखाई देती है। इसे केवल प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर ही नहीं, बल्कि स्थानीय खानपान, शिल्प, त्योहारों, परंपराओं, लोगों और उनकी कहानियों में भी महसूस किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान के माध्यम से सरकार चाहती है कि युवा और स्थानीय निवासी अपने शहरों की कहानी अपनी भाषा और अपने नजरिए से दुनिया तक पहुंचाएं। युवाओं की आवाज देश-दुनिया के पर्यटकों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थलों से व्यक्तिगत और रोचक तरीके से जोड़ने में मदद कर सकती है।

स्थानीय अनुभवों को मिलेगा व्यापक मंच

यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष एवं पर्यटन, संस्कृति तथा धार्मिक कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि अभियान में स्थानीय निवासियों को पर्यटन से जुड़ी कहानी कहने के केंद्र में रखा गया है। उनके मुताबिक, 60 सेकंड की एक रील किसी स्थान, स्थानीय अनुभव और व्यक्तिगत आवाज को एक साथ जोड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि किसी प्रसिद्ध पर्यटन स्थल को युवा अपनी नई दृष्टि से प्रस्तुत कर सकते हैं, वहीं कम चर्चित स्थानीय स्थलों को भी डिजिटल माध्यम से व्यापक पहचान मिल सकती है। इन कहानियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश को आस्था, विरासत, प्रकृति, खानपान और शिल्प से जुड़ी एक समग्र यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया जा सकेगा।

लखनऊ से लेकर ब्रज, बुंदेलखंड और पूर्वांचल तक की कहानी

अभियान में प्रदेश के सभी हिस्सों को शामिल करने की कोशिश की गई है। उदाहरण के तौर पर लखनऊ के युवा शहर के खानपान, चिकनकारी, पुराने मोहल्लों और सांस्कृतिक स्थलों को अपनी रील का विषय बना सकते हैं। इसी तरह ब्रज, बुंदेलखंड, पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के प्रतिभागी अपने-अपने इलाकों की परंपराओं, संस्कृति और अनूठे अनुभवों को दुनिया के सामने ला सकते हैं।

सरकार का मानना है कि स्थानीय लोगों की भागीदारी से पर्यटन प्रचार को अधिक जीवंत और व्यक्तिगत बनाया जा सकता है। सोशल मीडिया के लोकप्रिय शॉर्ट वीडियो फॉर्मेट के जरिए युवा अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े उन स्थानों और अनुभवों को भी सामने ला सकेंगे, जिन्हें आम पर्यटन अभियानों में अपेक्षाकृत कम जगह मिलती है।

ऐसे करें भागीदारी

इच्छुक प्रतिभागी अपनी 60 सेकंड तक की रील तैयार कर ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से जमा कर सकते हैं। प्रतिभागी ‘Visit My State Uttar Pradesh’ अभियान के तहत यूपी पर्यटन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध वीडियो से भी प्रारूप और प्रस्तुति का अंदाजा ले सकते हैं।

अभियान के जरिए सरकार का उद्देश्य पर्यटन प्रचार को अधिक सहभागी बनाना, स्थानीय कहानियों को व्यापक डिजिटल मंच देना और युवाओं को अपने आसपास की विरासत एवं पर्यटन स्थलों को नए नजरिए से देखने के लिए प्रेरित करना है।

Tags